समाचार

संगम में बिखरे भारत की संस्कृति के रंग, यूनिक परिवार ने किया विविधता का भव्य उत्सव: दुर्गा पूजा, पोंगल, बैशाखी और नवरात्रि की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता सभी का दिल, टीम वाइब्रेंट वेस्ट बनी विजेता


 जैन सोशल ग्रुप (जेएसजी) यूनिक द्वारा आयोजित “संगम – भारत के रंग, यूनिक के संग” कार्यक्रम में देश की विविध संस्कृति, परंपरा और त्योहारों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। सदस्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने भारत की बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। पढ़िए नीता राजेश जैन की यह रिपोर्ट 


इंदौर । रविवार 14 जून 2026 को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति के रंग देखने को मिले। आयोजन की जानकारी देते हुए बोर्ड कमिटी हेड श्री प्रकाश प्रीति जी बैद ने बताया कि देश की विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था। इसी सोच को साकार रूप दिया गया “संगम – भारत के रंग, यूनिक के संग” के माध्यम से।

चार टीमों में दिखा लघु भारत

कार्यक्रम में सदस्यों को उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली चार टीमों में विभाजित किया गया था। सभी टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और प्रमुख त्योहारों को मंच पर शानदार ढंग से प्रस्तुत किया।

त्योहारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

दुर्गा पूजा, पोंगल, बैशाखी और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों की जीवंत एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति और रंगारंग प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वाइब्रेंट वेस्ट बनी विजेता

रोमांचक मुकाबले के बीच टीम वाइब्रेंट वेस्ट ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं टीम झालमुड़ी, टीम राग पहाड़ी और टीम थलाइवा ऑफ यूनिक ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।

मास्टरशेफ कपल प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के पूर्व आयोजित ‘यूनिक मास्टरशेफ कपल’ प्रतियोगिता में प्रतिभागी जोड़ों ने अपने पाक-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। रचनात्मक व्यंजनों और प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।

पारंपरिक परिधानों ने बांधा समां

देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक पहनावे में सजे दूल्हा-दुल्हन (Bride & Groom) राउंड ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। प्रतिभागियों ने अपने परिधानों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्धता का सुंदर परिचय दिया।

चारों दिशाओं के व्यंजनों का स्वाद

आयोजन के प्रारंभ में सभी आगंतुकों और सदस्यों ने देश के चारों कोनों से चुने गए प्रामाणिक पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। विविध स्वादों से सजा विशेष डिनर भी सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।

संस्कृति समाज की आत्मा है

ग्रुप अध्यक्ष श्री पुनीत आँचल जी टोंग्या ने कहा कि संस्कृति किसी भी समाज की वास्तविक पहचान और उसकी आत्मा होती है। ऐसे आयोजन हमें भारत की जीवंत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने, समझने और उससे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की बात कही।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page