समाचार

भक्ति एवं श्रद्धा के साथ जनकपुरी में संपन्न हुआ श्रुत स्कन्ध पूजा विधान, धर्मनाथ भगवान का निर्वाण लाड़ू भी चढ़ाया गया : जिनवाणी पालकी यात्रा, सामूहिक आराधना और श्रद्धामय वातावरण में मनाया गया श्रुत पंचमी महोत्सव


जयपुर के श्री दिगंबर जैन मंदिर, जनकपुरी-ज्योतिनगर में श्रुत पंचमी महोत्सव के अंतर्गत श्रुत स्कन्ध पूजा विधान श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। जिनवाणी पालकी यात्रा, सामूहिक पूजन और धर्मनाथ भगवान के निर्वाण लाड़ू अर्पण ने आयोजन को विशेष बना दिया। पढ़िए राजस्थान ब्यूरो की यह रिपोर्ट


जयपुर, 18 जून। राजस्थान जैन साहित्य परिषद के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्रुत पंचमी महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को श्री दिगंबर जैन मंदिर, जनकपुरी-ज्योतिनगर में श्रुत स्कन्ध पूजा विधान अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर जिनवाणी माँ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

षट्खण्डागम की भव्य पालकी यात्रा निकली

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः षट्खण्डागम की भव्य पालकी यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान महिलाओं ने सिर पर जिनवाणी धारण कर श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। जिनवाणी के जयघोषों से पूरा वातावरण धर्ममय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए।

शांतिधारा का मिला पुण्य लाभ

इसके पश्चात मंडल विधान में मूलनायक भगवान नेमिनाथ को पाण्डुशिला पर विराजमान कर सौधर्म इंद्र जे.के. जैन एवं लाड़ देवी परिवार द्वारा शांतिधारा की गई। वहीं राजेश गर्ग जैन ने भी शांतिधारा करने का सौभाग्य प्राप्त किया।

अष्टद्रव्य से हुई जिनवाणी माँ की आराधना

श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से जिनवाणी माँ की आराधना करते हुए अष्टद्रव्य से पूजन-अर्चन किया। श्रुत ज्ञान के प्रति गहन श्रद्धा व्यक्त करते हुए उपस्थित धर्मप्रेमियों ने स्वाध्याय और ज्ञानाराधना का संदेश ग्रहण किया। पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता, भक्ति और धर्मभावनाओं का अनुपम संगम देखने को मिला।

धर्मनाथ भगवान का निर्वाण लाड़ू अर्पित

भगवान धर्मनाथ के निर्वाण कल्याणक के उपलक्ष्य में निर्वाण लाड़ू राजस्थान जैन साहित्य परिषद के संरक्षक शांतिलाल गंगवाल एवं महेशचंद्र चांदवाड़ द्वारा परिषद सदस्यों एवं समाजजनों के साथ श्रद्धापूर्वक अर्पित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान धर्मनाथ के निर्वाण कल्याणक का स्मरण करते हुए धर्म आराधना की।

परिषद पदाधिकारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

आयोजन में राजस्थान जैन साहित्य परिषद के अध्यक्ष पदम जैन बिलाला एवं मंत्री महावीर चांदवाड़ के नेतृत्व में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विधानाचार्य पंडित रमेश जैन गंगवाल ने संपूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

अतिथियों का किया स्वागत

मंदिर समिति की ओर से मंदिर अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश छाबड़ा, मंदिर मंत्री देवेन्द्र कासलीवाल तथा स्थानीय संयोजक प्रदीप जैन चांदवाड़ ने परिषद के अध्यक्ष, मंत्री, विधानाचार्य एवं परिषद सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया।

आज निकलेगी जिनवाणी रथ यात्रा

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित रहीं। राजस्थान जैन साहित्य परिषद द्वारा पिछले छह दशकों से आयोजित किए जा रहे इस प्रतिष्ठापूर्ण महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य जिनवाणी रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाजजन बड़ी संख्या में सहभागी बनेंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page