समाचार

बड़ा मंदिर में विराजमान हुए 501 से अधिक भगवान : दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन


नगर के मोती कटरा स्थित श्री अग्रवाल दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन शुक्रवार को श्रद्धा भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट…


आगरा। नगर के मोती कटरा स्थित श्री अग्रवाल दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन शुक्रवार को श्रद्धा भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के द्वितीय दिवस पर प्रातः काल श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं हवन श्रद्धापूर्वक विधानाचार्य सतीश जैन सरल के निर्देशन में सानंद हुआ। महोत्सव में भगवान सुपार्श्वनाथ,भगवान पार्श्वनाथ एवं भगवान महावीर स्वामी सहित 501 जिनबिम्बों का पुण्यारोहण विधि विधान एवं मंगल मंत्रोच्चार के मध्य कराया गया। इस दौरान सभी प्रतिमाओं को भव्य जुलूस के साथ मंदिर परिसर में लाया गया तथा श्रद्धालुओं द्वारा तीन परिक्रमाएं कराई गईं। इसके उपरांत सौभाग्य शाली परिवारों द्वारा नवीन वेदी पर श्रीजी की प्रतिमाओं को पूर्ण विधि विधान,मंत्रोच्चार एवं भक्ति भाव के साथ विराजमान कराया गया। विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति प्रदान कर धर्मलाभ प्राप्त किया। महोत्सव के दौरान मोती कटरा जैन समाज ने आचार्यश्री के चरणों में 2026 का मंगल चातुर्मास करने के लिए श्रीफल भेंटकर निवेदन किया। आयोजन में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं युवा एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, संयम एवं आत्मकल्याण का संदेश देते हुए कहा कि जिनालय केवल पत्थरों का निर्माण नहीं, बल्कि आत्मा की शुद्धि एवं संस्कारों का केंद्र होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्ममार्ग पर चलने का आह्वान किया। महोत्सव के समापन उपरांत सायंकाल आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार मोती कटरा से एम.डी. जैन इंटर कॉलेज के लिए श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में हुआ। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आचार्य संघ का मंगल स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राकेश जैन पर्देवाले, मनोज जैन, अनंत जैन, अनिल जैन, सुनील जैन, विजय जैन, संजीव जैन, जयंती प्रसाद जैन, दीपक जैन, मोनू जैन सहित समस्त मोती कटरा जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page