नगर में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में मनाया जाएगा। आगरा से पढ़िए, आशीष जैन मोनू एवं राहुल जैन की यह रिपोर्ट…
आगरा। नगर में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव जैन समाज की प्राचीनतम प्रतिनिधि संस्था आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में मनाया जाएगा। आचार्यश्री आजर्व सागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री विलोकसागर जी महाराज और मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज का पावन सानिध्य मिलेगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम 30 मार्च से 1 अप्रैल तक हर्षोल्लास के साथ एमडी जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर होगा। कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए आगरा दिगम्बर जैन परिषद की पत्रकार वार्ता शनिवार को श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर स्थित नारायण भवन हरीपर्वत पर की गई। परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन ने बताया कि इस वर्ष भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव पर तीन दिवसीय कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ किए जाएंगे। जिसको लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन सोमवार को प्रातः 8 बजे से देव दर्शन, श्रीजी को श्रीफल भेंट, एवं मुनि संघ को श्रीफल भेंट, 8:30 बजे अंहिसा स्तम्भ पर ध्वजारोहण, 8:45 बजे मुख्य पण्डाल पर ध्वजारोहण, पण्डाल शुद्धि एवं उद्घाटन, तदोपरान्त मुनि संघ के मंगल प्रवचन, प्रातः 10 बजे से अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा, आगरा द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर एवं 10:30 बजे आगरा दिगम्बर जैन परिषद द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जायेगा। मध्यान्ह 2 बजे से महिलाओं व बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता मेहन्दी, रंगोली, बन्दनवार, मंगल कलश, चित्रकला, पोस्टर बनाओ, थाल सजाओ, निबन्ध, व्यंजन आदि की जाएंगी। 7 बजे से मानस्तम्भ की महाआरती और रात्रि 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य पंडाल पर होगा।
विशाल रथयात्रा मंगलवार को
परिषद के महामंत्री मनीषकुमार जैन (ठेकेदार) ने बताया कि मंगलवार को प्रातः 7:30 बजे से भगवान महावीर की जन्मकल्याणक की विशाल रथयात्रा श्री 1008 महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मन्दिर, मोती कटरा से आरम्भ होकर हनुमान चौराहा, बड़ा मंदिर मोतीकटरा चौराहे से हींगकी मंडी शू मार्केट, कोतवाली, अग्रसेन चौक, फब्बारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, दरेसी नं 1 व 2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धुलियागंज, सिटी स्टेशन रोड, घटिया, मंडी सईद खाँ होती हुई अपरान्ह 3 बजे कुंडलपुर नगर एमडी जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर पहुँचेगी। मुख्य पाण्डाल में पूजन, मुनि संसघ के प्रवचन व श्रीजी के कलशाभिषेक किए जाएंगे। कलशाभिषेक के बाद श्री अग्रवाल दिगम्बर जैन महासभा, आगरा द्वारा वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया है।
महिला मंडलों द्वारा संगीतमय आरती होगी
परषद के अर्थमंत्री राकेश जैन (परदे वाले) ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण सोमवार को सायं 7 बजे से मुख्य पांडाल में महिला मण्डलों द्वारा संगीतमय आरती व रात्रि 8 बजे से रानी चेलना व राजा श्रेणिक नाटिका मंचन (नितिन शर्मा एण्ड पार्टी, दिल्ली) द्वारा प्रस्तुति की जाएगी। मंगलवार को रात्रि 7:30 बजे से लक्की ड्रॉ मुनि त्यागव्रती कूपन व रात्रि 8 बजे से जन्म कल्याणक के अवसर पर “बालक महावीर का पालना एवं बधाई” की प्रस्तुति की जाएगी। जिसमें कि सभी महिला मण्डल अपनी-अपनी प्रस्तुति देगें।
तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
कार्यक्रम के संयोजक विमल जैन (ज्योति नगर) ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों के अन्तर्गत तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और बताया कि पूरे कार्यक्रम स्थल को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है। कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा मुख्य पण्डाल बनाया जा रहा है। जिसमें कि सभी तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। सह संयोजक दीपक जैन बोतल वाले ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पावापुर का जल मन्दिर व कैलाश पर्वत की झांकियां, मानतुंग आचार्य की झांकी एवं बड़ौत की झांकियों आकर्षण का केन्द्र होगी। समूचे परिसर को भगवान महावीर के गृहस्थ अवस्था के नन्दार्वत महल का स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। जिसमें बंगाल के कारीगर तैयारियों में लगे हुए हैं।
एक अप्रैल को यह होंगे
मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू एवं राहुल जैन ने बताया कि एक अप्रैल को प्रातः 8 बजे श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्री जी का अभिषेक एवं नित्य नियम पूजा, प्रातः 8:15 बजे चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, 8:30 बजे मुनि श्री ससंघ के सानिध्य में जिनेन्द्र महाअर्चना विधान, मंगल प्रवचन, दोपहर 1:00 बजे आगरा दिगम्बर जैन परिष्द के सदस्यों की साधारण सभा, दोपहर 3 बजे स्थयात्रा की वापसी मोतीकटरा के लिए होगी। सायं 7:00 बजे सम्मान समारोह व रात्रि 8:00 बजे संगीतकार अजीत जैन एण्ड पार्टी (जयपुर) द्वारा भजन संध्या होगी।
इस अवसर पर यह मौजूद रहे
इस मौके पर मुख्य रूप से डॉ. जितेन्द्र जैन, अशोक जैन एडवोकेट, सुनील जैन ठेकेदार, राकेश जैन पार्षद, अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार, कोषाध्यक्ष राकेश जैन पर्दे वाले, संयोजक विमल जैन, सहसंयोजक दीपक जैन बोतल वाले, प्रचार मंत्री आशीष जैन मोनू, मनोज जैन भल्ले, रमेश जैन, सतेंद्र जैन साहूला सुशील जैन, पवन जैन चांदी वाले, मनीष जैन लवली, अनुज जैन क्रांति, दीपक जैन, शैलेन्द्र जैन रैपरिया, राजेंद्र जैन एडवोकेट, प्रमेन्द्र जैन, मयंक जैन, विशाल जैन, कुमार मंगलम,रवि जैन, दीपक गर्ग, राहुल जैन एडवोकेट, अनिल जैन बजाज, शोभित जैन, सुबोध जैन, अमित जैन मीडिया प्रभारी राहुल जैन समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।













Add Comment