आदिनाथ मिलन महिला मंडल की मासिक बैठक की गई, जिसमें आध्यात्मिक चर्चा के साथ-साथ वर्तमान समय की आवश्यकता को देखते हुए ‘घरेलू गैस प्रबंधन और बचत’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर गहन मंथन हुआ।इंदौर से पढ़िए, यह खबर…
इंदौर। आदिनाथ मिलन महिला मंडल की मासिक बैठक की गई, जिसमें आध्यात्मिक चर्चा के साथ-साथ वर्तमान समय की आवश्यकता को देखते हुए ‘घरेलू गैस प्रबंधन और बचत’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर गहन मंथन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरा के अनुसार भक्तामर पाठ से हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित सदस्यों ने सुरुचिपूर्ण अल्पाहार और मनोरंजक खेलों का आनंद लिया।
अंजू जैन ने सदस्यों के धार्मिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी का कार्यक्रम किया। मंडल की सक्रिय सदस्य और मीडियाकर्मी रुचि चोविश्या जैन की विशेष पहल पर महिलाओं ने रसोई में गैस की बचत और संसाधनों के सही उपयोग पर अपने व्यावहारिक सुझाव साझा किए। चर्चा के दौरान यह बात प्रमुखता से रखी गई कि एक जागरूक गृहणी न केवल अपना घर संभालती है, बल्कि राष्ट्र की ऊर्जा बचत और अर्थव्यवस्था के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी समझती है।
बैठक की आयोजक शिल्पा जैन ने अपने विचार रखते हुए ‘फायरलेस कुकिंग’ (बिना आग के भोजन तैयार करना) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि ताजे फल, सलाद, और अंकुरित अनाज जैसे पोषक तत्वों से भरपूर व्यंजनों को बिना गैस जलाए तैयार कर हम न केवल ईंधन बचा सकते हैं, बल्कि भोजन की प्राकृतिक पौष्टिकता को भी बरकरार रख सकते हैं।
महिलाओं ने साझा किए सुझाव
पूर्व तैयारी: सब्जी काटने और अन्य तैयारियां पहले ही पूर्ण कर लें ताकि गैस चूल्हा बेवजह जलता न रहे।
बर्तनों का सही उपयोग: भोजन सदैव ढक्कन लगाकर पकाएं और बर्नर के आकार के अनुसार ही बर्तनों का चुनाव करें।
नियमित रखरखाव: गैस बर्नर और चूल्हे की नियमित सफाई सुनिश्चित करें ताकि ईंधन का पूर्ण और प्रभावी उपयोग हो सके।
स्मार्ट कुकिंग: रोटी को बार-बार गरम करने की प्रवृत्ति त्यागें और आवश्यकतानुसार आधुनिक उपकरणों का सहयोग लें।
बैठक के दौरान निहारिका जैन, अनिता जैन,अल्पना जैन, सीमा बड़जात्या, अल्पना जैन, विद्या जैन, राजकुमारी जैन,शिल्पा अखिलेश जैन और प्रियंका जैन ने भी अपने अनुभव साझा किए। अंत में सभी महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं ऊर्जा की बचत करेंगी और समाज की अन्य बहनों को भी इस हेतु जागरूक करेंगी।













Add Comment