महावीर इंटरनेशनल शाखा नौगामा एवं अखिल भारतीय युवा परिषद शाखा नौगामा के संयुक्त तत्वावधान में सुखोदय तीर्थ नसिया जी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ‘पर्यावरण महाकाव्य’ का विमोचन भी हुआ। पढ़िए श्रीफल साथी सुरेश चन्द्र गांधी की यह रिपोर्ट।
नौगामा (बांसवाड़ा)। महावीर इंटरनेशनल शाखा नौगामा एवं अखिल भारतीय युवा परिषद शाखा नौगामा के संयुक्त तत्वावधान में सुखोदय तीर्थ नसिया जी में सिद्ध श्री माताजी के सानिध्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्षा की रिमझिम फुहारों के बीच तीर्थ क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
‘पर्यावरण महाकाव्य’ का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान आचार्य विभव सागर जी द्वारा रचित ‘पर्यावरण महाकाव्य’ का विमोचन किया गया। उपस्थित समाजजनों ने इस कृति को पर्यावरण जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
महावीर इंटरनेशनल शाखा अध्यक्ष सुरेश चंद्र गांधी ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध एवं संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि महावीर इंटरनेशनल शाखा द्वारा प्रतिवर्ष वर्षाकाल में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है।
वर्ष पर्यंत चल रहे हैं सेवा कार्य
बांसवाड़ा-डूंगरपुर जॉन सेक्रेटरी विनोद दोसी ने कहा कि सिद्ध श्री माताजी के सानिध्य में तीर्थ क्षेत्र पर वृक्षारोपण का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि महावीर इंटरनेशनल द्वारा वर्षभर विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
सिद्ध श्री माताजी ने दिया प्रेरक संदेश
सिद्ध श्री माताजी ने पर्यावरण विषयक कविता के माध्यम से कहा कि वर्तमान में बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं का प्रमुख कारण पर्यावरण प्रदूषण है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कपड़े की थैली अपनाने का संदेश दिया।
वृक्ष ही जीवन का आधार
माताजी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्य नहीं, बल्कि मानव जीवन, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के बीच वृक्षारोपण प्रकृति संरक्षण का सबसे प्रभावी उपाय है।
महावीर प्रवाह अंक किया भेंट
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल शाखा की ओर से अपेक्स कार्यालय से प्राप्त महावीर प्रवाह पत्रिका का नवीन अंक सिद्ध श्री माताजी को भेंट किया गया।
समाजजन एवं विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज नौगामा के सदस्य, नंदेश्वर तीर्थ से पधारे यात्री एवं शाखा के वीर सदस्य नरेंद्र जैन, नितेश जैन, महिमा जैन, मनीष गांधी सहित जैन पाठशाला के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष पिंडारमियां द्वारा किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया सामूहिक संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से समाजजनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए इस दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।













Add Comment