इंदौर। भक्ति, श्रद्धा और युवा पीढ़ी को धर्म से जोड़ने के संकल्प के साथ ‘श्री जी अभिषेक ग्रुप’ का विजय रथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में रविवार 26 अप्रैल को निपानिया स्थित ‘द एड्रेस टाउनशिप’ के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में ग्रुप का 94वां भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ।
भक्तिमय माहौल में गूंजे मंत्र
रविवार सुबह मंदिर परिसर का वातावरण उस समय पूर्णतः भक्तिमय हो गया, जब ग्रुप के 30 से अधिक सदस्यों ने सामूहिक रूप से भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा का अभिषेक किया। मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच श्री जी की भव्य शांतिधारा की गई, जिसमें विश्व शांति की कामना की गई। इसके पश्चात विधि-विधान से अर्घ्य अर्चन कर प्रभु की भक्ति की गई।
युवाओं को धर्म से जोड़ने का अनूठा प्रयास
‘श्री जी अभिषेक ग्रुप’ की यह विशेषता है कि यह हर रविवार शहर के अलग-अलग जिनालयों में जाकर अभिषेक पूजन करता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देव-गुरु-शास्त्र के प्रति आस्था जगाना और उन्हें जैन संस्कारों से जोड़ना है। अब तक 94 मंदिरों में दी गई यह उपस्थिति ग्रुप के समर्पण को दर्शाती है।
अतिथियों का सम्मान और आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिगम्बर पार्श्वनाथ मंदिर समिति के राजेन्द्र वेद, देवेंद्र कासलीवाल, नीलेश जैन, श्रेयांश सोगानी, विपेश जैन एवं समता जैन का विशेष सहयोग रहा। श्री जी अभिषेक ग्रुप ने मंदिर के सभी ट्रस्टीगण और समाज जनों का उनकी शानदार व्यवस्थाओं और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने न केवल क्षेत्र के जैन समाज को एकजुट किया, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने की एक नई ऊर्जा भी प्रदान की।













Add Comment