मुनिश्री अनुमानसागर जी महाराज का 49वां अवतरण दिवस शुक्रवार को मनाया गया। पावई गांव मुनिश्री के जयकारों से गूंज उठा। 49 परिवारों ने मुनि श्री का पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। अतिशय क्षेत्र में भक्ति की अनूठी मिसाल देखने में आई। पावई से पढ़िए, सोनल जैन की यह खबर…
पावई। मुनि श्री 108 अनुमान सागर जी महाराज का 49 वां अवतरण दिवस अतिशय क्षेत्र रत्नात्रय गिरि में अति भक्ति भाव श्रद्धापूर्वक शुक्रवार को मनाया गया। इस अवसर पर 21वें तीर्थंकर नमिनाथ भगवान का चित्र अनावरण, मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन, वंदना गीत प्रस्तुत करने के बाद 49 परिवारों ने मुनि श्री का पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट किए। मुनिश्री का मुख्य पाद प्रक्षालन रमेशचंद्र जैन और बुद्धसेन जैन, प्रधान सिमरैया रिदौली परिवार भिंड ने किया। शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य देवेंद्रकुमार आलोककुमार, विकास जैन, राजीव जैन श्रीजी किराना, पारस मेडिकल स्टोर, शाह सिमरैया परिवार भिंड को प्राप्त हुआ। वंदना भक्ति गीत की भव्य प्रस्तुति कृति जैन ने की।
जैन धर्म के सिद्धांत प्रासंगिक
इस अवसर पर मुनि श्री अनुमान सागर जी ने कहा कि जैन धर्म के सिद्धांत सदैव से ही प्रासंगिक रहे हैं और सभी को जैन दर्शन को न सिर्फ जानने की जरूरत है बल्कि जीवन में उतारने की भी सख्त आवश्यकता है। क्षेत्र पर पधारे सभी साधर्मी बंधुओं की वात्सल्य भोज की व्यव्स्था सिमरैया प्रधान रिदौली परिवार की ओर से की गई। इस अवसर पर गोलालारिय समाज सेवा समिति महिला समिति अतिशय क्षेत्र रत्नात्रय गिरि पावई प्रबंधन समिति भिंड मेहगांव, गोरमी सोनी सहित कई गांव और नगरों के धर्मामार्गी बंधुओं ने शामिल होकर धर्म प्रभावना में सहभागिता की।
दीक्षा दिवस सिद्धक्षेत्र सोनागिर में मनाया जाएगा
इस अवसर पर प्रबंधन समिति की ओर से धार्मिक पत्रकार सोनल जैन और मनोज केशरी को भक्ति प्रभावना के लिए सम्मानित किया गया। संचालन विजय जमसारा, कोमल जैन वरिष्ठ समाज सेवी एवं शैलू जैन एलआइसी ने किया। राजीव धर्मेंद्र जैन ने बताया कि भिंड सकल जैन समाज ने मुनि श्री अनुमान सागर जी महाराज के चरणों में चातुर्मास के लिए श्रीफल भेंट किया। मुनि श्री ने मंगल आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के बाद मुनि श्री का मंगल विहार उनकी जन्मभूमि ग्राम सोनी के लिए हुआ एवं 22 फ़रवरी को मुनि श्री अनुमान सागर जी महाराज का दीक्षा दिवस सिद्धक्षेत्र सोनागिर में मनाया जाएगा।













Add Comment