समाचार

20 जून को आगरा में होगा पद्मावती पुरवाल समाज का भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन : समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को मिलेगा विश्वसनीय मंच, दिनभर होंगे विविध कार्यक्रम


अखिल भारतीय दिगम्बर जैन पद्मावती पुरवाल पंचायत महासभा द्वारा 20 जून को आगरा में भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचय मंच उपलब्ध कराना है। पढ़िए राहुल जैन की यह रिपोर्ट


आगरा। आधुनिक और व्यस्त जीवनशैली के बीच समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश को सरल बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय दिगम्बर जैन पद्मावती पुरवाल पंचायत महासभा (पंजीकृत) द्वारा शनिवार, 20 जून 2026 को भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन के भूतल परिसर में सम्पन्न होगा।

समाज के लिए उपयोगी पहल

महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार जैन (फिरोजाबाद) एवं राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुशील कुमार जैन (आगरा) ने संयुक्त रूप से बताया कि संयुक्त परिवारों के विघटन, सामाजिक दूरी और सीमित संपर्कों के कारण विवाह संबंध स्थापित करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे समय में यह सम्मेलन समाज के परिवारों को एक सुरक्षित, विश्वसनीय और उपयोगी मंच प्रदान करेगा।

आचार्य श्री का प्राप्त है आशीर्वाद

उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन को निमित्तज्ञानी आचार्य श्री 108 विमलसागर जी महाराज का पावन आशीर्वाद प्राप्त है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई है।

दिनभर रहेंगे विविध आयोजन

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बसन्त कुमार जैन साहू, राष्ट्रीय लेखा निरीक्षक विजय कुमार जैन विजजी, राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार मंत्री राजीव जैन केसरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता पाण्डेय जयन्त कुमार जैन ज्योतिषाचार्य, कुमार मंगलम जैन, संजय जैन, अजय जैन, अवनि कुमार जैन एवं सिद्ध सरन जैन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे पंजीकरण एवं स्वल्पाहार से होगी।

इसके बाद ध्वजारोहण, मंच सज्जा, चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन, मंगलाचरण, स्वागत गान तथा लग्न पत्रिका विमोचन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक विवाह योग्य युवक-युवतियों का मुख्य परिचय सत्र आयोजित होगा। वहीं प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए चटपटी चाट सहित विशेष स्वल्पाहार की भी व्यवस्था रहेगी।

प्रतिष्ठित अतिथि करेंगे सहभागिता

कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट अतिथियों का सम्मान एवं उद्बोधन सत्र आयोजित होगा। मुख्य अतिथियों में श्री बलवीर जैन एवं श्री राजीव जैन (आगरा) शामिल रहेंगे।

मंच उद्घाटनकर्ता के रूप में श्री अजित प्रसाद जैन, मृदुल जैन एवं सचिन जैन (इन्दिरापुरम, गाजियाबाद) उपस्थित रहेंगे, जबकि स्वागताध्यक्ष के रूप में श्री सुशील कुमार जैन परिवार (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, आगरा) अपनी भूमिका निभाएंगे।

ध्वजारोहण श्रीमती डॉ. बीना जैन एवं डॉ. मनीष जैन (फिरोजाबाद) द्वारा किया जाएगा। चित्र अनावरण की रस्म श्री सुशील जैन (बंटू), श्री रवीश जैन लोहे वाले, श्री मनोज जैन (आगरा) एवं श्री सत्येन्द्र जैन एडवोकेट (टूण्डला) द्वारा सम्पन्न की जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र

मंगलाचरण कु. वारिधी जैन द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन विमल प्रभावना ग्रुप, आगरा द्वारा किया जाएगा। मंच संचालन सुशील कुमार जैन प्रवक्ता (आगरा), ज्योतिषाचार्य पाण्डेय जयन्त कुमार जैन (टूण्डला), राखी जैन (अहमदाबाद) एवं उपासना जैन (आगरा) करेंगे।

समाज को नई दिशा देगा आयोजन

आगरा के श्री पुष्पेन्द्र जैन पथिक ने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य और विशाल स्वरूप में सम्पन्न होगा। वहीं समाज के संरक्षक श्री रमेश चंद जैन राशन वाले ने इसे वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। श्री शोभित जैन ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

आयोजक समिति ने समाज के सभी संगठनों, युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस परिचय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि समाज में आपसी परिचय, सहयोग और एकता की भावना मजबूत हो तथा योग्य युवक-युवतियों को सुगमता से उपयुक्त जीवनसाथी मिल सके।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page