अभिषेक पूजन संतवाणी समाचार समाज

इच्छाओं पर विराम ही जीवन में आत्मशान्ति का माध्यम – मुनि सुधासागर

ललितपुर \ कस्बा बांसी में जैन मंदिर प्रांगण में निर्यापक श्रमण मुनि श्री सुधासागर महाराज ने धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति को सब कुछ होने के वाद भी आत्मसंतुष्टि नहीं, अधूरा-अधूरा सा लगता है। समस्या का समाधान कैसे हो, इसके लिए इच्छाओं पर विराम लगाना होगा अन्यथा अधूरेपन में भटकते रहोगे। जैसे भोजन करने के बाद भी तृप्ति नहीं मिलती। जो भोगना है, भोगो लेकिन एक स्थिति पर विराम देना होगा। जैन दर्शन में इच्छाओं को विराम देकर आत्मकल्याण का जो मार्ग बताया गया है, वही आत्मशान्ति का माध्यम है। हमारा जीवन है। इसमें से बुराइयों को निकालते जाओ। एक बुराई के निकलते ही एक गुण प्रकट होता है। जीवन से जितनी बुराइयां निकलेंगी, अच्छाइयां खुद ही प्रकट हो जाएंगी। मुनि श्री ने कहा कि जो पाप करते हैं, वे पाप से भी तृप्त नहीं होते। उसी प्रकार हमें ऐसे कर्म करना है, जिससे आत्मशान्ति हो। इससे पहले गुरुवार प्रातःकाल दिगम्बर जैन मंदिर में मूलनायक चमत्कारिक पार्श्वनाथ भगवान के सम्मुख श्रीजी का श्रावकों ने अभिषेक किया। मुनि श्री के मुखारविन्द से शान्तिधारा पुर्ण्याजक परिवार ने की। इसके उपरान्त धर्मसभा का शुभारम्भ श्रेष्ठी जनों ने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया। मुनि संघ की आहारचर्या देखने श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मुनि सुधासागर महाराज को पडगाहन एवं आहारचर्या का सौभाग्य राकेश सतभैया बांसी परिवार, मुनि पूज्य सागर महाराज को पडगाहन का सौभाग्य विजयकुमार जैन बांसी परिवार, एलक धैर्यसागर महाराज को पडगाहन का सौभाग्य सुरेश चंद जैन बांसी परिवार, क्षुल्लक गम्भीर सागर महाराज को पडगाहन सौभाग्य कैलाश चंद सुदर्शन जैन बांसी परिवार को मिला। सायंकाल मंदिर परिसर से मुनि श्री सुधासागर महाराज ने श्रावकों की जिज्ञासा का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन पं. आलोक मोदी द्वारा किया गया।

पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों में जुटी स्वयंसेवी संस्थाएं

आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के आशीर्वाद एवं निर्यापक श्रमण मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में नवनिर्मित श्री चैतन्य चमत्कारिक पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के आगामी 9 दिसम्बर से होने वाले श्रीमज्जिनेन्द्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों की एक बैठक में समीक्षा की गई। बांसी नगर में यह पहला अवसर है, जब जैन समाज का महाकुम्भ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसके लिए जैन समाज की स्वयंसेवी संस्थाओं ने अपनी व्यवस्थाओं को अन्तिम रूप दिया गया। प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रहमचारी प्रदीप भैया सुयश अशोकनगर के मार्गदर्शन में व्यवस्थाएं संयोजित हो रही है। जैन पंचायत के मीडिया प्रभारी अक्षय अलया के अनुसार मुनि श्री सुधासागर महाराज के संघस्थ मुनि पूज्यसागर महाराज, एलक धैर्यसागर महाराज, क्षुल्लक गम्भीर सागर महाराज के साथ जैन मंदिर बांसी में विराजमान होने से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ पहुंचने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इससे स्थानीय समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

 

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
3
+1
2
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page