जेएसी मुरैना जागृति द्वारा सावन मास के उपलक्ष्य में आयोजित “फुहारों की झंकार” कार्यक्रम में महिलाओं ने गीत, नृत्य, काव्य-पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सव को यादगार बनाया। कार्यक्रम में संगठन, नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता पर भी सार्थक संवाद हुआ। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना। समाजसेवी संस्था जेएसी मुरैना जागृति द्वारा सावन मास के उपलक्ष्य में “फुहारों की झंकार : झूमे गाएं, सावन मनाएं” सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीत, नृत्य, काव्य-पाठ और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सावन उत्सव का आनंद लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ सपना बंसल एवं लता गोयल की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात ललिता दीक्षित ने सावन पर आधारित काव्य रचना “सैंया दिलवा दे चूड़ी…” का प्रभावशाली पाठ कर उपस्थित महिलाओं की खूब सराहना प्राप्त की। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
संगठन और नेतृत्व पर हुई चर्चा
आयोजन के दौरान “चाय पर चर्चा” विषय पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें जेसीआई इंडिया एलुमनाई क्लब, जोन-6 की जोन अध्यक्ष जेसीआई सीनेटर रितिका गुप्ता ने संगठन विस्तार, नेतृत्व क्षमता के विकास एवं सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
अतिथियों का सम्मान, नए सदस्यों का स्वागत
कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष रितिका गुप्ता का संस्था की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही जेसीआई ग्वालियर सुरभि की सचिव नेहा अग्रवाल का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सोनम जैन, अनिता, अनुराधा दंडोतिया एवं निशा अग्रवाल को सदस्यता बैज प्रदान कर संस्था से जोड़ा गया। नगर निगम मुरैना की एल्डरमैन नियुक्त निधि गुप्ता का भी सम्मान किया गया।
संगठनात्मक सहभागिता रही उल्लेखनीय
कार्यक्रम में संस्था की संस्थापक अध्यक्ष भावना जैन, अध्यक्ष इति माहेश्वरी, सचिव सुमन भदौरिया, कोषाध्यक्ष हेमलता मोदी सहित कार्यकारिणी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में ज्योति मोदी एवं लता गोयल की विशेष भूमिका रही।
सौभाग्य पौधा देकर दिया हरियाली का संदेश
अध्यक्ष इति माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवंत रखने के साथ सदस्यों के बीच आत्मीयता और संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों को हरियाली, समृद्धि एवं शुभकामनाओं के प्रतीक स्वरूप सौभाग्य पौधा (गुड लक प्लांट) भेंट किया गया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













Add Comment