आगरा के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, राजामंडी में अष्टानिका महापर्व के अंतर्गत आयोजित सिद्धचक्र विधान के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजन-अर्चना कर विश्व शांति एवं आत्मकल्याण की मंगलकामना की। आयोजन में महिला मंडल की सक्रिय भूमिका रही। पढ़िए श्रीफल साथी की यह रिपोर्ट।
आगरा। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, राजामंडी में महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय अष्टानिका महापर्व एवं सिद्धचक्र विधान के पांचवें दिन शनिवार को श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चना सम्पन्न हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विधान में सहभागिता कर भगवान की आराधना की तथा विश्व शांति, धर्म प्रभावना एवं समस्त प्राणियों के कल्याण की मंगलकामना की।
भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान
कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चार, पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सिद्धचक्र विधान की पूजा में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
महिला मंडल की सक्रिय सहभागिता
आयोजन को सफल बनाने में महिला मंडल की अध्यक्ष मधु जैन, मंत्री सुषमा जैन, कोषाध्यक्ष संगीता जैन तथा संरक्षक चंद्रकांता जैन, चंद्रा जैन, मंजू जैन, सुनीता जैन, नीलम जैन, वीणा जैन वास्तु, भावना जैन, वीणा जैन सहित समस्त महिला मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धर्म और आत्मकल्याण का सशक्त माध्यम
महिला मंडल ने बताया कि अष्टानिका महापर्व के अंतर्गत आयोजित आठ दिवसीय सिद्धचक्र विधान श्रद्धालुओं में धर्म, भक्ति, आत्मकल्याण एवं आध्यात्मिक जागृति का प्रभावी माध्यम है। आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।













Add Comment