जन-जन की आस्था एवं श्रद्धा के केंद्र, आचार्य श्री नवरत्न सागर सूरीश्वरजी महाराज के कृपापात्र एवं युवा आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वरजी महाराज का वर्ष 2026 का भव्य चातुर्मास सुमतिनाथ स्वामी जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ, रामदास पेठ, नागपुर (महाराष्ट्र) में होगा। नागदा से पढ़िए, श्रीफल साथी विष्णु बाथम की यह खबर…
नागदा। जन-जन की आस्था एवं श्रद्धा के केंद्र, आचार्य श्री नवरत्न सागर सूरीश्वरजी महाराज के कृपापात्र एवं युवा आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वरजी महाराज का वर्ष 2026 का भव्य चातुर्मास सुमतिनाथ स्वामी जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ, रामदास पेठ, नागपुर (महाराष्ट्र) में होगा। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी राजेंद्र बोकड़िया ने बताया कि जैन धर्म में चातुर्मास का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस दौरान जैन साधु-साध्वी भगवंत चार माह तक एक ही स्थान पर विराजमान रहकर धर्म आराधना करते हैं तथा श्रद्धालुओं को तप, त्याग, संयम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि चातुर्मास के दौरान अनेक धार्मिक पर्व एवं आराधनाएं होती हैं। विशेष रूप से महापर्व पर्युषण एवं क्षमापना पर्व जैन धर्म के अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व हैं। जिन्हें गुरु भगवंतों के सान्निध्य में मनाना श्रद्धालुओं के लिए महान पुण्य का अवसर माना जाता है।
19 जुलाई रविवार को होगा मंगल प्रवेश
परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष गच्छाधिपति के आदेशानुसार आचार्य भगवंत का चातुर्मास विभिन्न नगरों में निर्धारित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष नागपुर को चातुर्मास स्थल के रूप में चयनित किया गया है। चातुर्मास के शुभ अवसर पर 19 जुलाई (रविवार) को रामदास पेठ स्थित संघ में युवा आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वरजी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश होगा।
यह समाजजन होंगे मंगल प्रवेश में शामिल
इस अवसर पर देशभर से हजारों गुरु भक्त उपस्थित होकर प्रवेश महोत्सव को भव्यता प्रदान करेंगे। इसी कड़ी में नागदा संघ जन सहित अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मेहता, राजेंद्र बोकड़िया, वीरेंद्र जैन, सतीश नाहर, अनिल देसलरा, राजेंद्र करणपुरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी गण प्रवेश उत्सव में शामिल होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।













Add Comment