इंदौर में आयोजित सम्मान समारोह के बाद सीए विमल जैन एडवोकेट ने समाज के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उसके संस्कार, विनम्रता और समाज से जुड़ाव से होती है। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना/इंदौर। जीएसटी विशेषज्ञ के रूप में चर्चित सीए विमल जैन एडवोकेट ने इंदौर में हुए सम्मान समारोह के उपरांत समाजजनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान उसकी उपलब्धियां नहीं, बल्कि उसके संस्कार, विनम्रता और समाज से उसका आत्मीय जुड़ाव होता है।
सम्मान को समाज का विश्वास बताया
सीए विमल जैन ने कहा कि यदि उनका ज्ञान, अनुभव और समय समाज, विशेषकर युवाओं के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके, तो वही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा प्रदान किया गया सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुओं, परिवार, सहयोगियों और शुभचिंतकों के संस्कारों एवं आशीर्वाद का सम्मान है।
युवाओं को प्रेरित करने का संकल्प
उन्होंने कहा कि इंदौर समाज के साथ बिताए आत्मीय क्षण सदैव स्मरणीय रहेंगे। यदि उनके जीवन के अनुभव युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सकें, तो वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानेंगे। उन्होंने युवाओं से संस्कार, परिश्रम और समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समाज के प्रति जताई कृतज्ञता
सीए विमल जैन ने श्री दिगंबर जैसवाल जैन (उपरोचिया) समाज, इंदौर के सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए समाज की निरंतर प्रगति, युवाओं की उन्नति तथा राष्ट्र और मानवता की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
आत्मीय स्वागत से हुए अभिभूत
उल्लेखनीय है कि सीए विमल जैन अपने अल्प प्रवास पर इंदौर पहुंचे थे। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैसवाल जैन (उपरोचिया) समाज, इंदौर द्वारा उनका अभिनंदन पत्र, शॉल, श्रीफल एवं मणिमाला भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।













Add Comment