समाचार

बुरहानपुर के पहले IPS अधिकारी आनंद जैन बने लद्दाख के डीजीपी : गृह मंत्रालय ने जारी किया नियुक्ति आदेश


बुरहानपुर के प्रथम आईपीएस अधिकारी आनंद जैन को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है। पढ़िए श्रीफल साथी सन्मति जैन काका की यह रिपोर्ट।


बुरहानपुर। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आनंद जैन को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। बुरहानपुर जिले के पहले आईपीएस अधिकारी के रूप में यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है।

जिले में खुशी और गर्व का माहौल

आनंद जैन की नियुक्ति की खबर सामने आते ही बुरहानपुर में खुशी का माहौल बन गया। सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

तीन वर्ष के संघर्ष के बाद हासिल की सफलता

मोहन नगर निवासी उनके छोटे भाई जितेंद्र कुमार जैन ने बताया कि आनंद जैन ने प्रारंभिक शिक्षा बुरहानपुर में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रायपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और फिर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी के लिए दिल्ली गए। लगातार तीन वर्षों के संघर्ष के बाद वर्ष 1999 में उन्होंने ऑल इंडिया 89वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान बनाया।

कश्मीर से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर

आईपीएस आनंद जैन की पहली नियुक्ति जम्मू-कश्मीर में एसडीपीओ के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर में पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। कठिन परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में उनकी सेवाओं को विशेष रूप से सराहा गया।

27 वर्षों की उत्कृष्ट पुलिस सेवा

लगभग 27 वर्षों की पुलिस सेवा के दौरान आनंद जैन ने अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) जम्मू जोन, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के निदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) सशस्त्र बल, एडीजीपी जम्मू जोन, एसएसपी बारामूला, एसएसपी जम्मू, एसएसपी रियासी, एसएसपी राजौरी और एसपी पूर्वी श्रीनगर जैसे पद शामिल हैं।

प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

पुलिस मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के साथ-साथ उन्होंने भारतीय रिजर्व पुलिस बटालियन के कमांडेंट और गांदरबल के एसडीपीओ के रूप में भी कार्य किया है। सुरक्षा, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नेतृत्व के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव का लाभ अब लद्दाख को मिलेगा।

परिवार और समाज ने जताया गौरव

आनंद जैन के छोटे भाई जितेंद्र जैन वर्तमान में बुरहानपुर में वस्त्र व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार के सदस्यों ने इसे वर्षों की मेहनत, समर्पण और ईमानदार सेवा का परिणाम बताया। समाज के विभिन्न वर्गों ने उनकी नियुक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।

युवाओं के लिए प्रेरणा बने आनंद जैन

बुरहानपुर जैसे अपेक्षाकृत छोटे शहर से निकलकर देश की प्रतिष्ठित सेवा में शीर्ष जिम्मेदारियों तक पहुंचने वाले आनंद जैन आज युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी ऊंचाई प्राप्त की जा सकती है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page