समाचार

तीर्थक्षेत्र कमेटी की राष्ट्रीय पदाधिकारी परिषद की दो दिवसीय बैठक 4-5 जुलाई को इंदौर में : शतकोत्तर रजत स्थापना महोत्सव की रूपरेखा पर होगा मंथन


भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी की राष्ट्रीय पदाधिकारी परिषद की दो दिवसीय बैठक 4 एवं 5 जुलाई को इंदौर के ढाईदीप जिनायतन परिसर में आयोजित होगी। बैठक में शतकोत्तर रजत स्थापना महोत्सव सहित 20 से अधिक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। पढ़िए श्रीफल साथी रत्नेश जैन रागी (बकस्वाहा) की यह रिपोर्ट।


इंदौर। देश की अग्रणी धार्मिक संस्था भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी की राष्ट्रीय पदाधिकारी परिषद की दो दिवसीय बैठक 4 एवं 5 जुलाई 2026 को इंदौर स्थित तीर्थधाम ढाईदीप जिनायतन परिसर में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जम्बूप्रसाद जैन करेंगे। इसमें देशभर के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी सहभागिता करेंगे।

शतकोत्तर रजत स्थापना महोत्सव की बनेगी रूपरेखा

मध्यांचल कमेटी के प्रचार प्रमुख एवं प्रवक्ता राजेश जैन रागी ने बताया कि बैठक में तीर्थक्षेत्र कमेटी के “शतकोत्तर रजत स्थापना महोत्सव वर्ष” को देश-विदेश में भव्य रूप से मनाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त संगठन एवं तीर्थक्षेत्रों से जुड़े 20 से अधिक महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।

पहले दिन होंगे विभिन्न सत्र

4 जुलाई को प्रातः देवदर्शन एवं पंजीयन के उपरांत बैठक का प्रथम सत्र प्रारंभ होगा। मध्यांचल कमेटी के अध्यक्ष डी.के. जैन स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद जवाहरलाल जैन शतकोत्तर रजत स्थापना वर्ष की प्रस्तावना प्रस्तुत करेंगे तथा प्रदीप जैन 21-22 अक्टूबर 2026 को मथुरा सिद्धक्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा रखेंगे। राष्ट्रीय कार्यक्रमों की योजना, देशभर के दिगंबर जैन मंदिरों में एकरूप स्थापना दिवस मनाने सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

प्रांतों से आएंगे पदाधिकारी

दोपहर के द्वितीय सत्र में देश के विभिन्न प्रांतों एवं अंचलों से आए पदाधिकारी शतकोत्तर रजत स्थापना महोत्सव के आयोजन संबंधी सुझाव एवं अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं सायंकालीन सत्र में इंदौर नगर एवं क्षेत्र की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ सामूहिक चर्चा आयोजित होगी।

दूसरे दिन चातुर्मास आगवानी एवं बैठक

5 जुलाई को प्रातः आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज ससंघ के इंदौर आगमन एवं मंगल चातुर्मास की आगवानी में राष्ट्रीय पदाधिकारी सहभागी होंगे तथा आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय पदाधिकारी परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी।

तैयारियां पूर्ण, पदाधिकारियों से सहभागिता का आग्रह

बैठक की समस्त तैयारियां मध्यांचल तीर्थक्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष डी.के. जैन के नेतृत्व में पूर्ण कर ली गई हैं। मध्यांचल कमेटी के अध्यक्ष डी.के. जैन, सुरेंद्र बाकलीवाल, अनिल जैन, जिनेश झांझरी, राजकुमार घाटे, प्रमोद पापड़ीवाल, अशोक जैन, वीरेंद्र बड़जात्या, अशोक शाह, सुदीप जैन, महावीर बैनाडा, कैलाश सेठी एवं राजेश जैन रागी सहित आयोजन समिति ने देशभर के सभी राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों से बैठक में सहभागिता का आग्रह किया है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page