पूरे विश्व में गुरुवार 9 अप्रैल को अत्यंत ही श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विश्व नवकार दिवस मनाया जा रहा है। वरिष्ठ समाजसेवी एवं जीएसटी गुरु के नाम से विख्यात सीए विमल जैन ने सभी बंधुओं से सहभागिता प्रदान करने का आह्वान किया है। मुरैना/नोएडा से मनोज जैन नायक की यह खबर…
मुरैना/नोएडा। पूरे विश्व में गुरुवार 9 अप्रैल को अत्यंत ही श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विश्व नवकार दिवस मनाया जा रहा है। वरिष्ठ समाजसेवी एवं जीएसटी गुरु के नाम से विख्यात सीए विमल जैन ने सभी बंधुओं से सहभागिता प्रदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक एकता के भाव के साथ, मैं आप सभी को विश्व नवकार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर सहभागी बनने हेतु सादर आमंत्रित करता हूँ।
नवकार महामंत्र जैन धर्म का अत्यंत पवित्र और प्रभावशाली मंत्र है। यह धर्म, जाति और पंथ की सीमाओं से परे जाकर शांति, विनम्रता और आत्मिक जागृति का संदेश देता है। इस विशेष दिन पर विश्वभर में लाखों लोग एक साथ इस दिव्य मंत्र का जाप करेंगे, जिससे सकारात्मकता और सामूहिक ऊर्जा का संचार होगा। इस महामंत्र में किसी व्यक्ति विशेष को नमस्कार न करते हुए व्यक्ति के गुणों को नमस्कार किया गया है।
आध्यात्मिक विकास के लिए समर्पित करें
यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि आत्मिक शुद्धि, विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक उत्थान की दिशा में एक वैश्विक पहल है। मैं आप सभी से विनम्र निवेदन करता हूँ कि पूरे मनोभाव से मंत्र जाप में भाग लें। अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसमें शामिल होने हेतु प्रेरित करें। कुछ समय आत्मचिंतन और आध्यात्मिक विकास के लिए समर्पित करें। आइए, हम सभी मिलकर नवकार महामंत्र की शक्ति से विश्व में शांति और सद्भाव का प्रसार करें। इस आध्यात्मिक, शांतिपूर्ण आयोजन में आपकी सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।













Add Comment