समाचार

आगरा में स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का हुआ शुभारंभ: स्वास्थ्य और जीवन कौशल पर होंगे विशेष सत्र


कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में भारतीय जैन संघठना, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह खबर…


आगरा। कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में भारतीय जैन संघठना, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की जैन समाज की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस निःशुल्क कार्यशाला में सीमित 35 चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जैन संघठना उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रोहित जैन अहिंसा एवं प्रदेश सचिव सुरेंद्रकुमार जैन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र में आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच का विकास करना है। जिससे वे आत्मनिर्भर, सशक्त एवं जागरूक नागरिक बन सकें। कार्यशाला के पहले दिन बालिकाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कक्षाएं की गईं। दिल्ली से पधारी प्रशिक्षक हेमंत जैन एवं पलक जैन ने आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर बालिकाओं को सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, स्वयं की पहचान तथा प्रभावी संवाद कौशल की जानकारी दी। इसके साथ ही सुरक्षा, स्व-संरक्षण एवं आत्मरक्षा से संबंधित सत्र में दैनिक जीवन में सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार तथा आपात परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आयोजकों ने जानकारी दी कि कार्यशाला के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, मानसिक सशक्तिकरण तथा जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष कक्षाएं ली जाएंगी। साथ ही बालिकाओं को निर्णय क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं व्यवहारिक जीवन कौशल से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे तथा कार्यशाला पूर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय जैन संघठना, आगरा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीए सुरेश जैन उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय जैन संघठना के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, शहर अध्यक्ष अंकुश जैन, अंकेश जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, शुभम जैन सहित संगठन के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page