समाचार

बिना कोचिंग की मेहनत से रचा इतिहास : मानव जैन बने IPS अधिकारी


यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 के तहत घोषित सेवा आवंटन में गुना जिले के मानव जैन को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) मिली है। बिना कोचिंग के, इंटरनेट सामग्री और आत्मविश्वास से की गई पढ़ाई के बल पर मानव ने यह मुकाम हासिल किया। पढ़िए … की ख़ास रिपोर्ट 


गुना। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2024 के सेवा आवंटन की घोषणा कर दी गई है, जिसमें गुना जिले के मानव जैन को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) आवंटित हुई है। यह खबर न केवल मानव के परिवार बल्कि पूरे जैन समाज और जिले के लिए गौरव का विषय बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानव जैन, जो कि जितेन्द्र जैन मोदी के पुत्र हैं, पूर्व में भी UPSC में चयनित हो चुके थे। उन्हें आयकर विभाग में अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिली थी और उनका प्रशिक्षण नागपुर में हुआ। लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को और ऊंचा करने की ठानी और एक वर्ष की अध्ययन अवकाश (Study Leave) लेकर पुनः परीक्षा दी। इस बार उन्होंने अपनी रैंक सुधारते हुए IPS सेवा प्राप्त की।

प्रारंभिक शिक्षा क्राइस्ट स्कूल, गुना से 

मानव ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा क्राइस्ट स्कूल, गुना से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। विशेष बात यह रही कि उन्होंने इस पूरी तैयारी के दौरान कहीं भी कोचिंग नहीं ली। उन्होंने स्व-अध्ययन, इंटरनेट पर उपलब्ध संसाधनों, और मित्रों की मदद से तैयारी की।

मानव ने इस सफलता को अपने स्वर्गीय दादाजी, माता-पिता, मित्रों और गुरूजनों को समर्पित किया और कहा कि यह सफलता उनके जीवन का एक सपना पूरा होने जैसा है।

उनकी यह यात्रा उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में भी बड़ा सोचने और उसे साकार करने का हौसला रखते हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page