समाचार

विश्व प्रसिद्ध महावीर जी का लक्खी मेला : भगवान महावीर के जयकारों के साथ निकलेगी विशाल रथयात्रा


श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी में चल रहे आठ दिवसीय मेले के तहत शुक्रवार को भगवान महावीर की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।


जयपुर। विश्व को जिओ और जीने दो का संदेश देने वाले जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2622वें जन्म कल्याणक महोत्सव (महावीर जयन्ती) पर दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी में शनिवार, 1 अप्रैल से शुरू हुए आठ दिवसीय वार्षिक लक्खी मेले में शुक्रवार को मंदिर प्रांगण से विशाल रथयात्रा निकलेगी, जो गम्भीर नदी के तट पर जायेगी। यहां भगवान महावीर के पंचामृत कलशाभिषेक होंगे। इससे पूर्व गुरुवार को मेले में सामूहिक पूजा, मेला निरीक्षण, सामूहिक आरती, शास्त्र प्रवचन के कार्यक्रम हुए।

की गई सामूहिक पूजा

दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मानद् मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने बताया कि गुरुवार को प्रातः श्री वीर संगीत मण्डल जयपुर के सहयोग से चरण चिह्न छतरी पर तथा दोपहर में कटला पश्चिमी पाण्डाल में सामूहिक पूजन की गई। प्रचार प्रसार मुख्य संयोजक सुरेश सबलावत के अनुसार अपराह्न 4.00 बजे उप जिला कलेक्टर एवं प्रबन्धकारिणी समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सुधांशु कासलीवाल द्वारा मेले का निरीक्षण किया गया। मार्ग में जगह-जगह स्वागत व सम्मान किया गया।

श्रीजी के कलाशाभिषेक होंगे

अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी के मुताबिक शुक्रवार, 7 अप्रैल को दोपहर में मंदिर प्रांगण से विशाल रथयात्रा निकलेगी जो नदी तट पर जाएगी, जहां श्री जी के कलशाभिषेक होंगे। प्रचार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा’ के अनुसार शनिवार, 8 अप्रैल को नदी तट पर ग्रामीण खेलकूद एवं कुश्ती-दंगल के बाद मेले का समापन होगा। मेले में जैन-अजैन सभी लाखों की संख्या में श्रद्धालुगण शामिल होंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
3
+1
1
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page