समाचार

कुण्डलपुर में भगवान श्री नेमिनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया : भक्तिभाव से अर्पित किया गया निर्वाण लाडू


सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में भगवान श्री नेमिनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव पूज्य ऐलक श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। अभिषेक, शांतिधारा, विधान एवं निर्वाण लाडू अर्पण के साथ श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया। पढ़िए श्रीफल साथी राजीव सिंघई की यह रिपोर्ट।


कुण्डलपुर (दमोह)। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं अध्यात्म शिरोमणि आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा परम पूज्य ऐलक श्री 105 चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान श्री नेमिनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया।

विविध धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न

प्रातःकाल भक्तामर महामंडल विधान, पूज्य बड़े बाबा का अभिषेक, शांतिधारा, ऋद्धि कलश, पूजन एवं विधान का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर भक्ति एवं श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

श्रद्धापूर्वक अर्पित किया निर्वाण लाडू

मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर भगवान श्री नेमिनाथ को अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव से निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। वातावरण भगवान के जयघोष और भक्तिमय भावनाओं से गुंजायमान रहा।

अनेक परिवारों को मिला धार्मिक लाभ

प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि प्रथम अभिषेक, शांतिधारा एवं ऋद्धि कलश का सौभाग्य अखिलेश–नेहा जैन परिवार (छिंदवाड़ा), स्वरूपचंद्र–राजकुमारी विनोद पटनी परिवार (गया), मोहित–सम्यक दिव्यांश जैन (दिल्ली), विजय कुमार जैन (नांदेड़), प्रवीण–प्रभात जैन (सतना), अंशुल जैन (दुर्ग), हंसराज जैन (दिल्ली), पदमचंद–सुरेश कुमार जैन (निवाई), उत्तमचंद जैन (सतना), सुरेशचंद–विजय कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।

संगीतमय महाआरती के साथ हुआ समापन

सायंकाल भक्तामर दीप अर्चना एवं पूज्य बड़े बाबा की संगीतमय महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक पर आत्मकल्याण एवं धर्म आराधना का संकल्प लिया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page