समाचार

नैनागिरि जैन तीर्थ पर फिर चोरी की वारदात : समवशरण जिनालय का दानपात्र तोड़कर लगभग 25 हजार रुपये की नगदी ले गए चोर


बुन्देलखण्ड के प्रसिद्ध रेशंदीगिरि नैनागिरि जैन तीर्थ में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश समवशरण जिनालय में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर लगभग 25 हजार रुपये की नगदी ले गए। पढ़िए श्रीफल साथी रत्नेश जैन रागी (बकस्वाहा) की यह रिपोर्ट।


बकस्वाहा। बुन्देलखण्ड के प्रसिद्ध रेशंदीगिरि नैनागिरि जैन तीर्थ एक बार फिर चोरी की वारदात का शिकार हो गया। 6-7 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने भगवान महावीर स्वामी सरोवर स्थित समवशरण जिनालय (जिनालय क्रमांक-02) की खिड़की काटकर मंदिर में प्रवेश किया और दानपात्र (गुप्त भंडार) का ताला तोड़कर उसमें रखी लगभग 25 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही तीर्थ क्षेत्र के मैनेजर, सहायक मैनेजर, चौकीदार एवं अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड की सहायता से जांच शुरू की। बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कार्रवाई प्रारंभ की।

बार-बार हो रही चोरी से समाज में आक्रोश

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सम्पूर्ण जैन समाज एवं बुन्देलखण्ड क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। समाजजनों का कहना है कि यदि शीघ्र अपराधियों का खुलासा नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

पहले भी कई बार बन चुका है निशाना

नैनागिरि जैन तीर्थ पूर्व में भी वर्ष 2012, 2016, 2021, 2022, 2023 तथा 5 जुलाई 2025 को चोरी की बड़ी घटनाओं का शिकार हो चुका है। नवंबर 2022 में भी बदमाश कई मंदिरों के ताले काटकर दानपात्रों से लाखों रुपये की राशि तथा चांदी के 21 छत्र एवं अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही घटनाओं ने तीर्थ की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

ट्रस्ट ने सहयोग की अपील की

ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी (बकस्वाहा) ने श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों से अपराधियों की गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि वारदात से संबंधित पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को ट्रस्ट की ओर से उचित नगद पारितोषिक दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

थाना प्रभारी ने दिया शीघ्र खुलासे का भरोसा

बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि समवशरण मंदिर के गुप्तदान से लगभग 25 हजार रुपये चोरी होने का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करेगी।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page