समाचार

अखिल भारतवर्षीय जैसवाल जैन महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न : मेधावी छात्र-छात्राओं एवं व्यापारियों का हुआ सम्मान


आगरा में आयोजित अखिल भारतवर्षीय जैसवाल जैन महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर मंथन हुआ। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यापारियों का सम्मान भी किया गया। पढ़िए श्रीफल साथी शुभम की यह रिपोर्ट।


आगरा। अखिल भारतवर्षीय जैसवाल जैन महासभा के तत्वावधान में रविवार को एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत में राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, व्यापारी, महिलाएं, युवा तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की।

संगठन के विस्तार पर हुआ मंथन

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, भगवान महावीर के चित्र के अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार, युवा सहभागिता, रोजगार सृजन तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने महासभा को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रतिभाओं का किया सम्मान

बैठक के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा, व्यापार एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के प्रतिष्ठित व्यापारियों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देता है और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

समाजहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर एवं विधवा महिलाओं की सहायता, युवाओं को महासभा से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जैन समाज की राजनीति में प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सामाजिक एकजुटता का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने महासभा की सक्रियता, सेवा कार्यों एवं सामाजिक एकजुटता की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार जैन, अनंत कुमार जैन, अजय कुमार जैन, संजय जैन, सचिन जैन, संभव जैन, पदम जैन, संजीव जैन, इंद्रप्रकाश जैन, प्रवीन जैन, सुरेंद्र जैन, सुबोध जैन (दयालबाग), सुबोध जैन (कमला नगर), रश्मि जैन, नीलम जैन, प्राची जैन सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page