मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के विहार की दिशा इंदौर की ओर बताने वाले सोशल मीडिया पोस्टर के बाद इंदौर जैन समाज में चातुर्मास को लेकर उत्साह बढ़ गया है। हालांकि अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पढ़िए श्रीफल साथी इंदौर ब्यूरो की यह रिपोर्ट।
इंदौर। परम पूज्य मुनि श्री 108 सुधा सागर जी महाराज के संभावित चातुर्मास को लेकर इंदौर के जैन समाज में उत्साह और आशा का वातावरण है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्टर में मुनि श्री के विहार की दिशा इंदौर, चांदखेड़ी एवं जबलपुर दर्शाए जाने के बाद समाज में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

विहार में साथ रही सामाजिक संसद की टीम
इंदौर सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुनि श्री के विहार में उनके साथ रहा। जानकारी के अनुसार मुनि श्री का विहार रुठयांई से बीनागंज की ओर हुआ।
संभावना से समाज में बढ़ा उत्साह
सामाजिक संसद के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा एवं महामंत्री हर्ष जैन ने कहा कि वर्तमान विहार दिशा को देखते हुए मुनि श्री के इंदौर चातुर्मास की संभावना दिखाई दे रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मुनि श्री की ओर से अभी तक चातुर्मास स्थल को लेकर कोई संकेत या आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल विहार की दिशा से समाज में आशा का वातावरण बना है।
सभी संतों के चातुर्मास में रहेगा सहयोग
सामाजिक संसद ने कहा कि इंदौर में इस वर्ष जिन-जिन संतों एवं आचार्यों का चातुर्मास होगा, उनके स्वागत, व्यवस्था एवं धर्म प्रभावना के लिए संस्था पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगी। सभी धर्मप्रेमी समाजजनों से भी इस ऐतिहासिक अवसर पर सहयोग का आह्वान किया गया है।
समाज में सकारात्मक संदेश
पदाधिकारियों ने कहा कि गुरुजनों का नगर आगमन संपूर्ण समाज के लिए सौभाग्य का विषय होता है। समाज का प्रत्येक वर्ग एकजुट होकर धर्म, सेवा और संगठन की भावना के साथ चातुर्मास की तैयारियों में सहभागी बने, यही सभी की भावना है।













Add Comment