जयपुर के श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में मुनि संघ वैयावृत महिला समूह द्वारा आयोजित ‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों के 40 से 45 स्टॉल लगाए गए। पढ़िए श्रीफल साथी उदयभान जैन की यह रिपोर्ट।
जयपुर। मुनि संघ वैयावृत महिला समूह, महारानी फार्म के तत्वावधान में श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। समाज श्रेष्ठी अनिल-अमिता गोधा परिवार ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जबकि मुख्य अतिथि जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का मंच
महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में लगभग 40 से 45 स्टॉल लगाए गए, जिनमें महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद एवं विभिन्न रचनात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और उनके कार्यों को पहचान दिलाना है।
800 महिलाएं सेवा कार्यों से जुड़ी
मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह, संगीता छाबड़ा एवं लता सोगानी ने बताया कि महिला समूह से जुड़ी लगभग 800 महिलाएं सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, आलोक शाह एवं पूरी प्रबंध समिति का विशेष सहयोग रहा।
अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, ऋद्धि-सिद्धि मंडल अध्यक्ष दीपा नाथावत एवं जिला सह संयोजक (आईटी) अंशु गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महिला समूह की ओर से सभी अतिथियों एवं मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
महिला उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहन
युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में महिलाओं का उत्साह देखने योग्य रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा दी। सांसद मंजू शर्मा एवं अन्य अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी महिलाओं को अपनी पहचान बनाने का प्रभावी मंच प्रदान करती है और यह समाज के लिए अनुकरणीय पहल है।
4 जुलाई तक रहेगी प्रदर्शनी
महिला समूह की संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि ‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी 4 जुलाई रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर महिलाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई।













Add Comment