इंदौर के श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर, परिवहन नगर में अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्य सागर जी महाराज के 47वें अवतरण दिवस पर त्रिदिवसीय महोत्सव का भक्तिभाव से शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पाद प्रक्षालन के लिए पहुंचे। पढ़िए श्रीफल साथी रेखा संजय जैन की यह रिपोर्ट।
इंदौर। श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर, परिवहन नगर में अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्य सागर जी महाराज के 47वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय महोत्सव का शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में शुभारंभ हुआ। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भक्तों ने दर्शन एवं पाद प्रक्षालन का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

भक्ति के साथ हुआ शुभारंभ समाज अध्यक्ष नवनीत जैन ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत प्रातः 6:30 बजे श्री जिन सहस्त्रनाम अर्चना से हुई। इसके बाद पूज्य सागरजी भक्त परिवार ने मुनिश्री को अर्घ्य समर्पित कर पाद प्रक्षालन एवं आरती की।

आहारचर्या का मिला सौभाग्य आहारचर्या का सौभाग्य सिद्धा दीदी का चौका, परिवहन नगर परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान इंदौर सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और पूरे परिसर में धर्ममय वातावरण बना रहा।

आगे होंगे विविध धार्मिक आयोजन सायंकाल आरोहण परिवार द्वारा भक्तामर पाठ एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। 4 जुलाई को गौ-सेवा कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 5 जुलाई को महोत्सव का मुख्य आयोजन प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा।
गुरु पूजन और प्रवचनों का लाभ मुख्य आयोजन में भव्य गुरु पूजन, धर्मसभा तथा अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्य सागर जी महाराज के मंगल प्रवचन होंगे। श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस आयोजन का लाभ प्राप्त करेंगे।
संयुक्त तत्वावधान में आयोजन संपूर्ण महोत्सव मंदिर समिति एवं आरोहण परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान किया।













Add Comment