अंबाह के ग्राम बंधा में 20 बीघा भूमि पर निर्मित विशाल गौशाला का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया। लगभग 5 हजार गोवंश की क्षमता वाली इस गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। पढ़िए श्रीफल साथी अजय जैन की यह रिपोर्ट।
अंबाह। ग्राम बंधा स्थित श्री हनुमान जी गौशाला समिति द्वारा 20 बीघा भूमि पर निर्मित क्षेत्र की विशाल गौशाला का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व विधायक रामनिवास रावत एवं सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने गौमाता का पूजन कर गौशाला का लोकार्पण किया। कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने भगवान बजरंगबली एवं संत माखनदास बाबा के मंदिर में पूजा-अर्चना की।
संतों के सान्निध्य में हुआ आयोजन
गौशाला शुभारंभ समारोह में महामंडलेश्वर ऋषी जी महाराज, संत बालकदास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने गौसेवा एवं गौसंरक्षण के संकल्प के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
गौ संरक्षण को बताया भारतीय संस्कृति की पहचान
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति की पहचान है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौसंरक्षण और गौसेवा के लिए आगे आना चाहिए, जिससे हमारी सांस्कृतिक विरासत और मजबूत हो सके।
5 हजार गोवंश की होगी संरक्षण क्षमता
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जिनेश जैन ने बताया कि यह गौशाला लगभग 5 हजार गोवंश के संरक्षण की क्षमता रखती है। उन्होंने गौशाला के विकास एवं संचालन के लिए 50 लाख रुपये के सहयोग की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गोबर, गोमूत्र एवं दुग्ध उत्पादों का निर्माण एवं विपणन किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित गौशाला
गौशाला में गोवंश के लिए चारा, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सुरक्षित शेड तथा उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति का उद्देश्य गौवंश के संरक्षण के साथ-साथ गौआधारित उत्पादों के माध्यम से सेवा कार्यों को स्थायी स्वरूप प्रदान करना है।













Add Comment