महावीर इंटरनेशनल वामा वीरा केंद्र सागवाड़ा एवं आर्यिका विजयमती वूमेन्स फेडरेशन महिला मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह संपन्न हुआ। प्रतिभागियों ने योग के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। पढ़िए श्रीफल साथी सुरेश चंद्र गांधी की यह रिपोर्ट।
सागवाड़ा। महावीर इंटरनेशनल वामा वीरा केंद्र सागवाड़ा एवं आर्यिका विजयमती वूमेन्स फेडरेशन महिला मंच के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का समापन आराधना भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं ईश वंदना के साथ की गई।
योग विशेषज्ञों ने कराया अभ्यास
आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सम्मानित योगाचार्य सुमित द्विवेदी, योग प्रशिक्षक परिक्षित सरियोत एवं अखिलेश टेलर ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न आसन, ध्यान, प्राणायाम तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का आधार बताया।
प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव
सात दिवसीय शिविर में शामिल प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि योग से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का भी विकास होता है। कई प्रतिभागियों ने ऐसे शिविरों को नियमित रूप से आयोजित करने का सुझाव दिया।
अतिथियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्श्वनाथ मंदिर के अध्यक्ष प्रद्युम्न सारगिया ने की। मुख्य अतिथि योगाचार्य सुमित द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि परिक्षित सरियोत, अखिलेश टेलर, मनीष सरियोत एवं रितिका मोची रहे। सभी अतिथियों का तिलक एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
योग को बताया जीवन का आधार
वामा चेयरपर्सन वीरा तिलकनंदिनी शाह ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि योग मानव जीवन को निरंतर विकास और आत्मोन्नति की ओर प्रेरित करता है। योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि विचारों को भी संतुलित करता है तथा संवाद, संयम और सकारात्मकता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की आत्मा है और आज विश्व का विश्वास बन चुका है।
सेवा कार्यों की दी जानकारी
वामा सचिव वीरा अनिता जैन ने महावीर इंटरनेशनल वामा द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। वहीं आर्यिका विजयमती वूमेन्स फेडरेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेरणा शाह ने भी योग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
योग शिविर जारी रखने की मांग
नैना सारगिया एवं साधना गलालिया ने योग शिविर को निरंतर जारी रखने का सुझाव दिया। नरेश दोसी एवं अनिल जैन ने वामा संगठन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
मातृशक्ति की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में शकुंतला सारगिया, वर्षा दोसी, कोकिला सेठ, मीनाक्षी गोवाडिया, टीना शाह सहित वामा वीरा केंद्र की अनेक वीराओं एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन ज़ोन कन्वीनर वीरा धनकुंवर आजणियां ने किया तथा आभार वामा कोषाध्यक्ष वीरा रेखा जैन ने व्यक्त किया।
सब की सेवा, सबको प्यार का संदेश
समापन अवसर पर वक्ताओं ने समाज में सेवा, स्वास्थ्य और सद्भावना के भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया। योग शिविर ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।













Add Comment