शनि अमावस्या के पावन अवसर पर श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर, हनुमान चौराहा मोती कटरा में भगवान मुनिसुव्रतनाथ का भव्य विधान एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की रिपोर्ट…
आगरा। शनि अमावस्या के पावन अवसर पर श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर, हनुमान चौराहा मोती कटरा में भगवान मुनिसुव्रतनाथ का भव्य विधान एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भगवान के जयघोषों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे भगवान श्री मुनिसुव्रतनाथ के महामस्तकाभिषेक से हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान का शुद्ध जल एवं विभिन्न पूजन द्रव्यों से अभिषेक कर पुण्य अर्जित किया। अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय संगीत, मंगल ध्वनि एवं मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा। जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।इसके पश्चात पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में विधिपूर्वक श्री मुनिसुव्रतनाथ विधान संपन्न कराया गया। विधान में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। विधान के दौरान भक्तों ने भक्ति गीतों, स्तुतियों एवं आराधना के माध्यम से भगवान की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह एवं भक्ति देखते ही बन रही थी।
आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिससे पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। धार्मिक आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान मुनिसुव्रतनाथ के आदर्शों को अपनाने तथा अहिंसा, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर अनंतकुमार जैन, अजीत जैन, जयंतीप्रसाद जैन, अरुण पाटनी, जितेंद्र जैन, राजकुमार जैन, रविन्द्र जैन, मोती कटरा के सभी जैन समाजजन मौजूद रहे।













Add Comment