समाचार

दिगंबर जैन समाज की 84 जातियों को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक संकल्प : इंदौर में सर्वजातीय महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न


इंदौर में भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ की बैठक में समाज की विभिन्न जातियों को एक मंच पर लाने, राष्ट्रीय महासम्मेलन आयोजित करने, 2027 की जनगणना में “जैन” दर्ज कराने तथा महासंघ का संविधान बनाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पढ़िए श्रीफल साथी की यह रिपोर्ट।


इंदौर। भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ, इंदौर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को श्री हसमुख जैन गांधी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिगंबर जैन समाज की विभिन्न 84 जातियों को एक साझा मंच पर लाना, आपसी समन्वय बढ़ाना तथा समाजहित के विषयों पर सामूहिक रूप से कार्य करना रहा।

विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन श्री बाहुबली जैन ने किया। मंच पर श्री शेखर छाबड़ा, श्री निमिष जैन, श्री डी.के. जैन (डीएसपी), श्री अरविंद बंडी तथा श्री जैनेंद्र सावला उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न समाजों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने समाज की गतिविधियों एवं जनहित कार्यों की जानकारी साझा की।

राष्ट्रीय महासम्मेलन का निर्णय

महासंघ के अध्यक्ष श्री हसमुख जैन गांधी ने बताया कि दिगंबर जैन समाज की 84 जातियों को संगठित करने का अभियान निरंतर चल रहा है। पूर्व में सिद्धवरकूट एवं अयोध्या में सफल सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए आगामी समय में इंदौर अथवा अयोध्या में राष्ट्रीय स्तर का विशाल सर्वजातीय महासम्मेलन आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

2027 की जनगणना पर विशेष जोर

बैठक में आगामी वर्ष 2027 की राष्ट्रीय जनगणना को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। सभी समाजों से अपने स्तर पर जनगणना संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा सरकारी जनगणना प्रपत्र में धर्म के कॉलम में अनिवार्य रूप से “जैन” दर्ज कराने का आह्वान किया गया, ताकि समाज की वास्तविक जनसंख्या का सही आंकड़ा सामने आ सके।

संविधान निर्माण की पहल

महासंघ के सुचारू संचालन एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए नया संविधान तैयार करने का निर्णय लिया गया। संविधान का प्रारूप तैयार करने की जिम्मेदारी श्री सुभाष सेठिया एवं श्री पवन बागड़िया को सौंपी गई।

आभार एवं समापन

बैठक के अंत में श्री बाहुबली जैन ने सभी समाज अध्यक्षों, प्रतिनिधियों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की एकता, संगठन एवं विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page