जैन धर्म, एक ऐसा धर्म, जो अपनी प्राचीनता, महानता और अद्वितीय सिद्धांतों के कारण सम्पूर्ण विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। जिसके प्रत्येक आचार्य, प्रत्येक संत और प्रत्येक शास्त्र मानव जीवन को संयम, करुणा और आत्मकल्याण की दिशा प्रदान करते हैं। मुरैना/सांगानेर से पढ़िए, अंशुल जैन शास्त्री का आलेख…प्रस्तुति…मनोज जैन नायक की।
मुरैना/सांगानेर। जैन धर्म, एक ऐसा धर्म, जो अपनी प्राचीनता, महानता और अद्वितीय सिद्धांतों के कारण सम्पूर्ण विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। जिसके प्रत्येक आचार्य, प्रत्येक संत और प्रत्येक शास्त्र मानव जीवन को संयम, करुणा और आत्मकल्याण की दिशा प्रदान करते हैं। परंतु आज का सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या आने वाली नई पीढ़ी इस अमूल्य धरोहर को जान पा रही है? क्या उन्हें जिनवाणी का ज्ञान है? क्या वे णमोकार मंत्र का महत्व समझते हैं? क्या उन्हें अभिषेक, शांतिधारा, पूजा-विधि और जैन सिद्धांतों का बोध है? यदि उत्तर “नहीं” है तो यह केवल एक कमी नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक गंभीर संकेत है। नई पीढ़ी ही किसी भी समाज, संस्कृति और धर्म का भविष्य होती है। यदि वही अपने धर्म से अपरिचित रह जाए, तो धीरे-धीरे परंपराएं केवल पुस्तकों तक सीमित होकर रह जाती हैं। फिर धर्म जीवन का मार्ग नहीं, केवल नाममात्र की पहचान बनकर रह जाता है। आज स्थिति यह है कि अनेक लोग जैन धर्म के मूल सिद्धांतों से दूर होते जा रहे हैं। रात्रि भोजन, आवश्यक मर्यादाओं की उपेक्षा और धार्मिक ज्ञान से दूरी सामान्य बात बनती जा रही है। ऐसे समय में केवल चिंतन पर्याप्त नहीं, बल्कि जागरण आवश्यक है। और यही जागरण “शिविर” के माध्यम से संभव हो सकता है। अपने नगर, अपने मंदिर और अपने समाज में लगने वाला एक छोटा-सा शिविर केवल कुछ दिनों का आयोजन नहीं होता, बल्कि वह नई पीढ़ी के भीतर संस्कारों का बीजारोपण होता है। वहीं बालक पहली बार समझता है कि उसका धर्म क्या है। वहीं उसे ज्ञात होता है कि शास्त्र केवल पढ़ने की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने का आधार हैं। वहीं उसे संयम, अनुशासन, पूजा, मंत्र और संस्कारों का वास्तविक अर्थ समझ आता है।
धन समाप्त हो सकता है, परंतु संस्कार नहीं
माता-पिता अपने बच्चों के लिए धन, संपत्ति और सुख-सुविधाएँ जुटाने में जीवन लगा देते हैं। परंतु सत्य यह है कि धन केवल कुछ समय तक सहारा देता है, जबकि धर्म से प्राप्त संस्कार जीवनभर मनुष्य का मार्गदर्शन करते हैं। धन समाप्त हो सकता है, परंतु संस्कार कभी समाप्त नहीं होते। इसलिए प्रत्येक माता-पिता का यह कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को केवल भौतिक सुविधाएँ ही नहीं, बल्कि धर्म का प्रकाश भी दें। यदि आने वाली पीढ़ी को अपने धर्म का ज्ञान ही न हो, तो यह केवल बच्चों की कमी नहीं, बल्कि समाज की सबसे बड़ी विफलता होगी। अपने नगर में शिविर लगवाना केवल एक आयोजन करवाना नहीं है, बल्कि अपने धर्म, अपनी संस्कृति और अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करना है। क्योंकि जिस समाज में संस्कार जीवित रहते हैं, वहीं धर्म जीवित रहता है और जहाँ धर्म जीवित रहता है वहीं समाज का भविष्य उज्ज्वल बनता है। इसलिए आवश्यक है कि हमारे मंदिरों में, हमारे गाँवों में और हमारे नगरों में शिविर अवश्य लगें, ताकि जैन धर्म केवल सीमित समाज तक न रह जाए, अपितु जन-जन तक पहुँचे, और प्रत्येक व्यक्ति उसके सिद्धांतों को जानकर अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सके। शिविर केवल शिक्षा नहीं देते, वे पीढ़ियों का भविष्य गढ़ते हैं।













Add Comment