शहर के स्कीम नंबर 78 स्थित सुप्रसिद्ध श्री पार्श्वनाथ जिनालय सलैया वाले मंदिर का 26वाँ वार्षिक महोत्सव आगामी 29 अप्रैल, बुधवार को बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इंदौर से पढ़िए, यह खबर…
इंदौर। शहर के स्कीम नंबर 78 स्थित सुप्रसिद्ध श्री पार्श्वनाथ जिनालय सलैया वाले मंदिर का 26वाँ वार्षिक महोत्सव आगामी 29 अप्रैल, बुधवार को बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य आयोजन मुनि श्री विमल सागर जी महाराज एवं मुनि श्री अनंत सागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य और बालब्रह्मचारी सुनील भैया के कुशल निर्देशन में होगा।
धार्मिक अनुष्ठानों की मचेगी धूम
राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सुबह 7:30 बजे से होगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान पार्श्वनाथ का भव्य ‘महामस्तकाभिषेक’ होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान का अभिषेक करेंगे। इसके पश्चात श्री पार्श्वनाथ विधान किया जाएगा, जहां मंत्रोच्चार के बीच विश्व शांति की कामना की जाएगी।
मुनिश्री की अमृतवाणी का मिलेगा लाभ
महोत्सव के विशेष अवसर पर उपस्थित धर्मसभा को मुनि श्री विमल सागर जी महाराज की मंगल देशना का लाभ प्राप्त होगा। मुनिश्री के प्रवचनों के माध्यम से समाज को धर्म, अहिंसा और सात्विक जीवन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी।
समाज जन से पधारने की अपील
संजय अहिंसा ने समस्त जैन समाज और धर्मप्रेमी जनता से सविनय निवेदन करते हुए आह्वान किया है कि इस पावन प्रसंग पर अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करें। महोत्सव की तैयारियों को लेकर समाज के युवाओं और महिला मंडलों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस भव्य आयोजन के सूत्रधार सकल दिगम्बर जैन समाज 78, सोशल ग्रुप अहिंसा, समस्त महिला मंडल एवं पूर्वोत्तर इन्दौर जैन समाज हैं। महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी समितियां सक्रियता से जुटी हुई हैं ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।













Add Comment