भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में अपार श्रद्धा,उल्लास और भव्यता के साथ विशाल रथयात्रा का आयोजन किया गया। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह खबर…
आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में अपार श्रद्धा,उल्लास और भव्यता के साथ विशाल रथयात्रा का आयोजन किया गया। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, हनुमान चौराहा, मोती कटरा से निकली इस भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। 12 वर्षों बाद मोती कटरा क्षेत्र को इस ऐतिहासिक आयोजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिससे क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में यह आयोजन हुआ। प्रातः 8:30 बजे रथयात्रा का शुभारंभ राज्यसभा सांसद नवीन जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस रथ यात्रा की प्रथम आरती करने का सौभाग्य प्रदीप जैन पीएनसी परिवार को प्राप्त हुआ| रथयात्रा का दृश्य अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय रहा। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान महावीर की झांकी के साथ नगर भ्रमण कराया गया। पूरे मार्ग में “भगवान महावीर की जय” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। इस यात्रा में ताशा दल, 12 बैंड, 12 बगियाँ, जैन ध्वज, मंगल कलश सहित अनेक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं—जिनमें आचार्य विद्यासागर जी, शांतिनाथ भगवान, नेमिनाथ भगवान की बारात, वर्धमान से महावीर, पांडुक शिला, बाहुबली भगवान, आदिनाथ भगवान, राजा सिद्धार्थ, माता के सोलह स्वप्न, कुबेर द्वारा धनवर्षा, अहिंसा का संदेश, पावापुरी, चंदनबाला आहार सहित अनेक धार्मिक एवं प्रेरणादायक दृश्य प्रस्तुत किए गए। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए। एटा का मयूर नृत्य, महाराष्ट्र की डीजे पार्टी, असम के कलाकारों की म्यूजिकल प्रस्तुति, सपेरा बीन बैंड, भरतनाट्यम नृत्य, राजस्थान और इटावा के कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल जल एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई।
जिनवाणी रथ, पांडुक शिला रथ, चांदी का रथ, हाथी एवं घोड़े वाले रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रथयात्रा को चार सेक्टरों—नवकार युवा मंच अवधपुरी, अरिहंत सेवा मंडल नुनिहाई एवं यमुना कॉलोनी, शांतिनाथ युवा मंडल जयपुर हाउस एवं एनसीसी क्लब छीपीटोला—में विभाजित कर सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया गया। यात्रा मोती कटरा से प्रारंभ होकर पटेल नगर, हींग की मंडी, सब्जी मार्केट, फव्वारा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, दरेसी, धूलियागंज और बेलनगंज होते हुए एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत पहुंची। पूरे मार्ग में आकर्षक सजावट, तोरण द्वार और स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का अभिनंदन किया। अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत, आरती एवं भक्ति गीतों का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण और अधिक आध्यात्मिक बन गया। एम.डी. जैन इंटर कॉलेज परिसर में निर्यापक मुनि श्री विलोक सागर जी महाराज ससंघ एवं आयिका श्री सत्यमति माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य एवं विधानाचार्य पंडित श्री अभिषेक जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में पांडुकशिला पर श्रीजी की प्रतिमाओं को विराजमान कर विधिवत अभिषेक किया गया। रात्रि में महिलाओं द्वारा भगवान के बाल स्वरूप को पालने में झुलाने का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भजन, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
इस रथयात्रा का संचालन रथयात्रा संयोजक एवं महामंत्री अनंत कुमार जैन एवं मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया| इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन,निर्मल मोठ्या,हीरा लाल बैनाड़ा,जगदीश प्रसाद जैन मनीष कुमार जैन ठेकेदार,राकेश कुमार पर्देवाले,राजेंद्र कुमार जैन,मनोज कुमार जैन बल्लो,विमल जैन,महावीर प्रसाद जैन,अजीत जैन, जयंती प्रसाद जैन,रविंद्र कुमार जैन,मोक्ष जैन,गिरीश जैन,पंकज जैन,पीयूष जैन,मीडिया प्रभारी शुभम जैन राहुल जैन समस्त मोती कटरा जैन समाज एवं आगरा सकल जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।













Add Comment