समाचार

युवा होंगे भगवान महावीर की शिक्षाओं से प्रेरित : 31 मार्च को होगा ‘Jin Champ Quiz Competition’ 


धर्मनगरी मेरठ में 31 मार्च को एक अनूठे और ज्ञानवर्धक आयोजन “Jin Champ Quiz Competition” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शाम 6 बजे शारदा रोड स्थित श्री महावीर जयंती भवन में आयोजित होगी, जिसमें युवा वर्ग को भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाओं और विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पढ़िए सोनल जैन की रिपोर्ट…


मेरठ। धर्मनगरी मेरठ में 31 मार्च को एक अनूठे और ज्ञानवर्धक आयोजन “Jin Champ Quiz Competition” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शाम 6 बजे शारदा रोड स्थित श्री महावीर जयंती भवन में आयोजित होगी, जिसमें युवा वर्ग को भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाओं और विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस विशेष आयोजन को और भी आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करेंगे पूज्य भावलिंगी संत दिगम्बराचार्य श्री विमर्शसागर जी महामुनिराज, जो अपने विशाल चतुर्विध संघ के साथ वर्तमान में मेरठ में विराजमान हैं। उनके मंगल आशीर्वाद और सानिध्य में यह कार्यक्रम संपन्न होगा। कार्यक्रम का संचालन “विमर्शानुरागिनी आर्थिका शिरोमणि विमर्शिता श्री माताजी” द्वारा किया जाएगा, जो प्रतियोगिता को ज्ञान और प्रेरणा से भरपूर बनाएंगी।

युवाओं का होगा मार्गदर्शन

यह प्रतियोगिता विशेष रूप से युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। जहां आज की युवा पीढ़ी भौतिकता और तकनीक में अधिक व्यस्त हो रही है, वहीं यह आयोजन उन्हें सात्विक जीवन शैली और आध्यात्मिक मूल्यों की ओर प्रेरित करेगा। साथ ही, यह भी सिखाएगा कि मोबाइल का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि आत्मविकास और ज्ञानार्जन के लिए भी किया जा सकता है। प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपने मोबाइल के माध्यम से धार्मिक गेम खेलते हुए भाग लेंगे। इसमें भगवान महावीर से संबंधित प्रश्नों को पांच चरणों में प्रस्तुत किया जाएगा। देशभर से जुड़ने वाले हजारों प्रतिभागियों में जो सबसे पहले सही उत्तर देगा, वही विजेता घोषित होगा।

दिए जाएंगे पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के साथ-साथ पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन पूरे भारत में एक साथ आयोजित किया जाएगा, जिससे इसकी विशेषता और भी बढ़ जाती है। मेरठ में भी इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागी भाग लेंगे, जो संतों के सानिध्य में बैठकर अपने जीवन में धार्मिक संस्कारों को आत्मसात करेंगे।

होगा विधान

इसके अतिरिक्त, 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक श्री महावीर जयंती भवन में “श्री 1008 समवसरण महामंडल विधान” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महाअनुष्ठान में पूज्य आचार्य श्री विमर्शसागर जी महाराज का सानिध्य रहेगा, जबकि विधानाचार्य के रूप में विकर्ष जी शास्त्री अपनी सेवाएं देंगे। संगीतमय वातावरण में केशव एंड पार्टी की मधुर स्वर लहरियों के साथ हजारों श्रद्धालु इंद्र-इंद्राणी भाव से भगवान जिनेन्द्र की भक्ति एवं महाअर्चना करेंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page