धर्मनगरी इंदौर के विद्या पैलेस क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की भव्य शिखर प्रतिष्ठा, कलशारोहण एवं मंगल प्रवेशोत्सव का। परम पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी एवं आचार्य सुलभ सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा श्रुतसंवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज (ससंघ) के मंगल सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट…
इंदौर। धर्मनगरी इंदौर के विद्या पैलेस क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की भव्य शिखर प्रतिष्ठा, कलशारोहण एवं मंगल प्रवेशोत्सव का। परम पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी एवं आचार्य सुलभ सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा श्रुतसंवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज (ससंघ) के मंगल सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया। भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ छोटा बांगड़दा से हुआ। जयकारों के बीच जब पंच परमेष्ठी जिनवर की प्रतिमाओं का रथ निकला, तो श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। केसरिया वस्त्रों में सुसज्जित श्रावक-श्राविकाएं नृत्य करते हुए प्रभु की अगवानी कर रहे थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा पाद-प्रक्षालन एवं आरती कर मुनि संघ और जिनप्रतिमाओं का स्वागत किया गया। सम्पूर्ण आयोजन के लाभार्थी मयंक मयूर मुकेश जी झिरीवाल परिवार, अशोक राणा परिवार एवं राहुल सावला परिवार रहे। शिखर कलश का पुण्यार्जन मयंक मयूर झिरीवाल परिवार ने तथा ध्वजा स्थापना का पुण्यार्जन अशोक राणा परिवार ने प्राप्त किया।
दृश्य ने किया भावविभोर
शोभायात्रा वेदांश स्कूल मार्ग से होते हुए जब विद्या पैलेस स्थित जिनालय पहुँची, तो वहाँ का दृश्य अत्यंत भावविभोर करने वाला था। चांदी की थालियों से मुनि संघ का पाद-प्रक्षालन किया गया। मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के मंत्रोच्चार के मध्य मंदिर के भव्य शिखर पर कलशारोहण एवं ध्वजारोहण की मांगलिक क्रियाएं संपन्न हुईं। जैसे ही मंदिर शिखर पर धर्मध्वजा फहराई, पूरा परिसर “जय पार्श्वनाथ” और “आदित्य सागर गुरुवर की जय” के नारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर समिति के महामंत्री मयंक जैन ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात यह ऐतिहासिक क्षण आया है। विधि-विधानपूर्वक पंच जिनप्रतिमाओं को उनके वेदी स्थल पर विराजमान किया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मुनि श्री के प्रवचनों का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में दिगंबर जैन सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, राजेश जैन दद्दू, नकुल पटौदी, पिंकेश टोंग्या, टीके वेद, कैलाश वेद, पारस जैन सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति, विद्या पैलेस ने सभी सहयोगियों एवं धर्मप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।













Add Comment