समाचार

ज्ञानतीर्थ में नववर्ष पर एक शाम गुरुवर के नाम में झूमे श्रद्धालु : संस्कारवान अपने इष्ट को याद करते हैं -ब्र.अनिता दीदी


धार्मिक प्रवृत्ति के संस्कारवान लोग अपने-अपने इष्टदेव की भक्ति में लीन रहकर, उनका भजन, पूजन कर बीते वर्ष की विदाई और नववर्ष का स्वागत करते हैं। ये उद्गार ब्रह्मचारिणी बहिन अनिता दीदी ने ज्ञानतीर्थ में 2023 की विदाई एवं नववर्ष के आगमन पर एक शाम गुरुवर के नाम कार्यक्रम में व्यक्त किए। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…


मुरैना। पाश्चात्य सभ्यता के वशीभूत होकर वर्तमान में लोग नववर्ष की पार्टी करते हैं, होटलों में जाते हैं। उन पार्टियों में धन तो खर्च करते ही हैं, अनैतिक कार्य भी करते हैं। कुछ लोग तो शराब आदि नशीले मादक पदार्थों का सेवन कर अश्लील डांस आदि भी करते हैं। वहीं दूसरी ओर धार्मिक प्रवृत्ति के संस्कारवान लोग अपने-अपने इष्टदेव की भक्ति में लीन रहकर, उनका भजन, पूजन कर बीते वर्ष की विदाई और नववर्ष का स्वागत करते हैं। ये उद्गार ब्रह्मचारिणी बहिन अनिता दीदी ने ज्ञानतीर्थ में 2023 की विदाई एवं नववर्ष के आगमन पर एक शाम गुरुवर के नाम कार्यक्रम में व्यक्त किए।

भरा हुआ था हॉल

ए. बी. रोड हाइवे पर स्थित श्री दिगम्बर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर में कड़कड़ाती सर्दी में भी श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा था। ज्ञानतीर्थ का हॉल गुरुभक्तों से खचाखच भरा हुआ था। 31 दिसम्बर 2023 की विदाई एवं नववर्ष 2024 के आगमन के पावन अवसर पर पूज्य गुरुदेव सराकोद्धारक आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज के श्रीचरणों में गुरुभक्त एकत्रित हुए थे। सप्तम पट्टाचार्य श्री ज्ञेयसागर महाराज, मुनिश्री ज्ञातसागर महाराज, मुनिश्री नियोगसागर महाराज के पावन सान्निध्य में ज्ञानतीर्थ पर एक शाम गुरुवर के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के शुभारंभ पर वकीलचंद, पंकज, अमित जैन ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम से पूर्व मनोजकुमार जैन परिवार की ओर से 48 दीपकों द्वारा श्री भक्तामर पाठ की आराधना की गई। सभी गुरुभक्तों ने एक -एक काव्य के साथ एक -एक दीपक माढ़ने पर अर्पित किया।

भजनों की संगीतमय प्रस्तुति

एक शाम गुरुवर के नाम कार्यक्रम में मनीष जैन एंड पार्टी द्वारा भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई। मनीष जैन के एक से एक मधुर भजनों पर गुरुभक्तोंं ने भक्तिनृत्य प्रस्तुत किए। ललिता दीदी के गाए हुए भजन मुरैना में बन गया ज्ञानतीर्थ महान……भजन पर श्रोतागण झूम उठे। दिल्ली, ग्वालियर, धौलपुर, बानमोर, मुरैना से सैकड़ों की संख्या में उपस्थित बंधुओं, माता बहिनों ने भक्ति गंगा में डुबकी लगाते हुए नववर्ष का भावभीना स्वागत किया। रात्रि के 12 बजे के पश्चात नववर्ष के आगाज होते ही सभी ने ज्ञानतीर्थ पर विराजमान पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री ज्ञेयसागर महाराज एवं अन्य सभी साधु संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिता दीदी ने किया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page