मोती कटरा स्थित श्री महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर में 2625वें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव एवं रथोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में शनिवार, 28 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पढ़िए शुभम जैन की रिपोर्ट…
आगरा। मोती कटरा स्थित श्री महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर में 2625वें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव एवं रथोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में शनिवार, 28 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक विद्युत सज्जा एवं भव्य अलंकरण से सुसज्जित किया गया था। वहीं आसपास के क्षेत्र में तोरण द्वार, धार्मिक ध्वजों एवं बैनरों से पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा मोती कटरा क्षेत्र दिव्य आध्यात्मिक आभा में सराबोर हो उठा हो।
पूजन एवं विधान का आयोजन
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे नित्य नियम पूजन एवं भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रातः 7:30 बजे से 11 बजे तक पंच परमेष्ठी विधान का भव्य आयोजन पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। मंत्रोच्चार, शांतिधारा एवं विधिवत पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य एवं अपरिग्रह के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
आचार्य श्री के प्रेरक प्रवचन
इस अवसर पर आचार्य श्री चैत्य सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि एवं आध्यात्मिक जागरण का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पांच दिवसीय कार्यक्रमों में अधिकाधिक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि 12 वर्षों बाद मोती कटरा क्षेत्र को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जो अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है।
सायंकालीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन
सायंकाल संत निलय, जत्ती कटरा (तार की गली) में रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक तीर्थंकर बालक की माता के सोलह स्वप्न एवं गर्भ कल्याणक की भव्य क्रियाएं श्रद्धापूर्वक सम्पन्न कराई गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के गर्भकालीन प्रसंगों को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
ये भी रहे मौजदू
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनंत कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर अनंत कुमार जैन, अजीत प्रसाद जैन, अरुण पाटनी, राकेश जैन पर्देवाले, मनोज जैन बल्लो, रविंद्र जैन, विनोद जैन, विकास जैन, जयंती प्रसाद जैन, पीयूष जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, हेमलता जैन, अरुणा जैन, शशि सेठी, अंतरा जैन, अंजना जैन, संध्या जैन सहित समस्त जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के चलते सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। महोत्सव के आगामी दिनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिल रही है।













Add Comment