श्री सन्मति दिगंबर जैन पाठशाला, फलहोड़ी बड़ागांव (धसान) के तत्वावधान में एक माह तक संचालित सृजन पंख ग्रीष्म शिविर 2026 का समापन शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ागांव धसान से मुकेश जैन लार की यह खबर…
बड़ागांव (धसान)। श्री सन्मति दिगंबर जैन पाठशाला, फलहोड़ी बड़ागांव (धसान) के तत्वावधान में एक माह तक संचालित सृजन पंख ग्रीष्म शिविर 2026 का समापन शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी बन गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं पाठशाला अध्यक्ष डॉ. सुनीलकुमार जैन शास्त्री, बड़ागांव ने बताया कि यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से किया गया था। जिसमें एक माह तक विभिन्न रचनात्मक, शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, संस्कार एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है। कार्यक्रम का शुभारंभ रितु जैन, अनुषा जैन, आर्या जैन एवं अनिका जैन ने सरस्वती वंदना से किया। शाह मुन्नालाल जैन, शाह कैलाशचंद जैन, पं. मुन्नालाल जैन एवं आरती जैन (शाहगढ़) ने चित्र अनावरण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। समापन समारोह में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों ने सामूहिक गायन एवं हारमोनियम वादन किया
मलखम्ब एवं रोप प्रदर्शन आरती जैन के मार्गदर्शन में प्रस्तुत किया गया। जिसमें बच्चों ने साहस, संतुलन एवं शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कराटे प्रदर्शन सुहानी कुशवाहा के निर्देशन में बच्चों ने प्रस्तुत किया। इसमें आत्मरक्षा के दांवपेंच एवं अनुशासन की झलक देखने को मिली। संगीत प्रस्तुति के अंतर्गत पं. मुन्नालाल जैन के निर्देशन में बच्चों ने सामूहिक गायन एवं हारमोनियम वादन कर अपनी कला का परिचय दिया। जिसने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षकों को माला, तिलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उपहार एवं प्रमाणपत्र देकर उनके उत्साहवर्धन किया गया।
पाठशाला परिवार के कार्यक्रम की सराहना
इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज ने शिविर संयोजक डॉ. सुनीलकुमार जैन शास्त्री को विशेष प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट आयोजन एवं सफल नेतृत्व के लिए सम्मानित किया। मुख्य अतिथि धरणेन्द्र जैन ने कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने एवं जीवन में उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रेरित किया। उन्होंने पाठशाला परिवार की इस सराहनीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
संचालन डॉ सुनीलकुमार जैन ने किया। नीरज जैन पीलू ने आभार जताया। समापन समारोह में उपस्थित जनसमूह ने बच्चों की प्रस्तुतियों कीप्रशंसा करते हुए आयोजन को अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी बताया।













Add Comment