समाचार

सिद्ध श्री माताजी के सानिध्य में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रुत पंचमी महोत्सव, कालिंजरा में 2026 चातुर्मास की घोषणा : भव्य जिनवाणी शोभायात्रा, श्रुत स्कंध विधान और ज्ञान आराधना के साथ गूंजे श्रद्धा के स्वर


बांसवाड़ा जिले के कालिंजरा में पूज्य सिद्ध श्री माताजी के सानिध्य में श्रुत पंचमी महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। जिनवाणी शोभायात्रा, श्रुत स्कंध विधान एवं ज्ञान आराधना के कार्यक्रमों के बीच माताजी ने वर्ष 2026 का चातुर्मास कालिंजरा में करने की घोषणा की। पढ़िए सुरेश चंद्र गांधी की यह रिपोर्ट


कालिंजरा (बांसवाड़ा)। परम पूज्य आचार्य गुरुवर विभव सागर जी महाराज की शिष्या पूज्य सिद्ध श्री माताजी के सानिध्य में श्रुत पंचमी महोत्सव बड़े हर्ष, उल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जिनवाणी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

शांतिधारा से हुआ शुभारंभ

प्रातःकाल वागड़ के बड़े बाबा आदिनाथ एवं भगवान नेमिनाथ की शांतिधारा पूज्य माताजी के मुखारविंद से सम्पन्न हुई। शांतिधारा के पश्चात श्रद्धालुओं ने श्रुत पंचमी महोत्सव के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हस्तलिखित जिनवाणी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

श्रुत पंचमी के उपलक्ष्य में श्रुत स्कंध यंत्र एवं हस्तलिखित जिनवाणी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वर्षा की रिमझिम फुहारों के बीच निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर पंडाल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जिनवाणी के प्रति श्रद्धा अर्पित की।

श्रुत स्कंध यंत्र का हुआ अभिषेक

पंडाल में श्रुत स्कंध यंत्र का अभिषेक करने का सौभाग्य पंचोली संदीप कुमार को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात अष्टद्रव्यों से सुसज्जित थालों के साथ भगवान आदिनाथ एवं जिनवाणी माता की पूजा-अर्चना की गई। वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने गरबा नृत्य करते हुए भक्ति का आनंद लिया।

बालक-बालिकाओं को मिला माताजी का आशीर्वाद

सिद्ध श्री माताजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यहां के बालक-बालिकाओं द्वारा पिछले दो माह से जिनवाणी संरक्षण का जो कार्य किया गया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर समाज द्वारा बच्चों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।

कालिंजरा में होगा वर्ष 2026 का चातुर्मास

कार्यक्रम के दौरान ग्राम कालिंजरा समाज की ओर से चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं की भावना को स्वीकार करते हुए सिद्ध श्री माताजी ने वर्ष 2026 का चातुर्मास कालिंजरा नगर में करने की घोषणा की, जिससे उपस्थित समाजजनों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

श्रुत पंचमी ज्ञान आराधना का महापर्व

माताजी ने श्रुत पंचमी की महिमा बताते हुए कहा कि यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि शास्त्रों के संरक्षण का संकल्प दिवस है। यह पर्व हमें अपने प्राचीन ग्रंथों, लिपियों और ज्ञान-भंडार को सुरक्षित रखने, उनका अध्ययन करने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है। श्रुत पंचमी ज्ञान की आराधना का महापर्व है, जो हमें अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने का संदेश देता है।

इनकी रही सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम का संचालन विधानाचार्य रमेश चंद्र गांधी एवं सुभाष चंद्र नानावटी द्वारा किया गया। जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोली ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी जैन समाज प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी द्वारा प्रदान की गई।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page