श्रुत पंचमी के पावन एवं पुण्यमयी अवसर पर श्री 1008 अजितनाथ धाम दिगंबर जैन मंदिर में 19 जून को श्री श्रुत ज्ञान वर्धक विधान का भव्य एवं संगीतमय आयोजन किया जाएगा। महरौनी से पढ़िए, यह खबर…
महरौनी (ललितपुर)। श्रुत पंचमी के पावन एवं पुण्यमयी अवसर पर श्री 1008 अजितनाथ धाम दिगंबर जैन मंदिर में 19 जून को श्री श्रुत ज्ञान वर्धक विधान का भव्य एवं संगीतमय आयोजन किया जाएगा। सकल दिगंबर जैन समाज महरौनी द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समाज के सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार सहभागी बनने का आमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम को मुनिश्री विकौशल सागर जी महाराज का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा। वहीं संगीतकार सनिल की मधुर प्रस्तुतियों के साथ विधान कराया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रातः 6.45 बजे मंगलाष्टक, 7 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा तथा 7.30 बजे से संगीतमय श्री श्रुत ज्ञान वर्धक विधान प्रारंभ होगा।
मुनिश्री का मंगल आगमन
श्रुत पंचमी के इस विशेष अवसर से पूर्व महरौनी में मुनिश्री विकौशल सागर जी महाराज का मंगल आगमन हुआ। जहां दिगम्बर जैन पंचायत समिति, समाज के वरिष्ठजनों एवं श्रावक-श्राविकाओं ने श्रद्धाभाव के साथ उनकी अगवानी की। श्रद्धालुओं ने विधिवत पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जिनवाणी के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
धर्मलाभ लेने का आग्रह किया
मुनिश्री ने अपने संक्षिप्त प्रवचन में कहा कि जिनवाणी आत्मा का दर्पण है, जो जीवन को सही दिशा और सच्चा ज्ञान प्रदान करती है। जैन समाज के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने एवं श्रुत ज्ञान की महिमा से अपने जीवन को आलोकित करने का आग्रह किया है।













Add Comment