इंदौर के स्मृति नगर में नवीन संत सदन का लोकार्पण पूज्य मुनि श्री विमल सागर जी एवं मुनि श्री अनंत सागर जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। यह भवन आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के संकल्प का साकार स्वरूप बना। रिपोर्ट : सतीश जैन (इला बैंक)
इंदौर के स्मृति नगर दिगंबर जैन समाज द्वारा श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहयोग से निर्मित नवीन संत सदन का लोकार्पण समारोह पूज्य मुनि श्री विमल सागर जी एवं मुनि श्री अनंत सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि इस भवन का शिलान्यास समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के करकमलों से हुआ था।

आचार्य श्री का सपना हुआ पूरा
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि रविवार प्रातः 6 बजे से जाप्यानुष्ठान, श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, संगीतमय पूजन एवं शांतिविधान का आयोजन हुआ। इसके बाद अपने प्रवचन में मुनि श्री विमल सागर जी महाराज ने कहा कि जब आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज स्मृति नगर आए थे, तभी उनके करकमलों से इस संत सदन का शिलान्यास हुआ था। उस समय आचार्य श्री ने कहा था कि केवल मंदिर बनाना पर्याप्त नहीं है, संतों के ठहरने के लिए धाम भी होना चाहिए, तभी चातुर्मास और धर्म साधना सुचारु रूप से हो सकेगी। आज समाज ने उनके उसी संकल्प को साकार कर दिया है।
इन परिवारों का रहा विशेष योगदान
नवीन संत सदन के लोकार्पणकर्ता भरत–कुसुम मोदी परिवार रहे। सहयोगी के रूप में संजय–श्रीमती अर्चना पाटोदी परिवार ने योगदान दिया। शिखर पूंज का सौभाग्य मनोज बाकलीवाल परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि महामहिम परिवार के रूप में सिंपल जी–अंकिता जी जैन परिवार का विशेष सहयोग रहा।
निर्माणाधीन जिनालय का भी किया अवलोकन
स्मृति नगर जैन समाज के अध्यक्ष स्वर्ण जैन ने बताया कि श्वेत पाषाण से निर्मित भव्य जिनालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संतों एवं समाजजनों ने निर्माणाधीन जिनालय का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम के विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी सुनील भैया जी रहे तथा सहयोगी के रूप में पारस जी शास्त्री ने धार्मिक विधानों का संचालन किया।
आयोजन को सफल बनाने में स्मृति नगर जैन समाज के उपाध्यक्ष सुनील जैन, सत्येंद्र जैन, पारस जैन, संजय जैन तथा वार्ड पार्षद श्रीमती सोनाली धारकर का विशेष सहयोग रहा।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
इस अवसर पर शहर के समाजश्रेष्ठियों के साथ दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद एवं रेवती रेंज के पदाधिकारी सचिन जैन, राहुल जैन (स्पोर्ट्स), आनंद गोधा, सतीश डबढेरा, विशाल जैन, कमल अग्रवाल, अनिल रावत, चंद्रेश जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, अनुशासन और समाज की एकजुटता का सुंदर वातावरण देखने को मिला।













Add Comment