श्री कुंदकुंद कहान दिगम्बर जैन स्वाध्याय मंदिर ट्रस्ट द्रोणगिरि सेंधपा की ओर से संचालित श्री समंतभद्र शिक्षण संस्थान के नवीन भवन का भूमि पूजन किया गया है। संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था, जिसको फलीभूत करते हुए शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पढि़ए राकेश जैन रागी और राकेश जैन बकस्वाहा की रिपोर्ट…
द्रोणगिरी। श्री कुंदकुंद कहान दिगम्बर जैन स्वाध्याय मंदिर ट्रस्ट द्रोणगिरि सेंधपा की ओर से संचालित श्री समंतभद्र शिक्षण संस्थान के नवीन भवन का भूमि पूजन जयपुर के गंगवाल परिवार की ओर से किया गया। संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था, जिसको फलीभूत करते हुए शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय समिति के अध्यक्ष अलोक दाऊ ने बताया कि इस अवसर पर परिसर में स्थित श्री सीमंधर जिनालय में श्री जिनेंद्र प्रक्षाल पूजन एवं श्री गुरुदत्त सिद्धक्षेत्र द्रोणगिरि विधान किया गया। जिसे सुमधुर स्वर लहरियों में पंकज शास्त्री बमनी एवं निलेश शास्त्री द्वारा किया गया एवं कमलेश शास्त्री टीकमगढ़ ने विधिविधान पूर्वक संपन्न कराया।
इस दौरान रोहित शास्त्री सिद्धायतन ने विशेष सहयोग किया। इसके पश्चात शिलान्यास सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महेंद्र कुमार गंगवाल जयपुर ने वर्चुअल करते हुए कहा कि आज सिद्धायतन में जो कार्य हो रहा है वह बहुत अच्छा कार्य है क्योंकि वर्तमान और भविष्य में संस्कार से बड़ा दूसरा कोई धन नहीं होगा और वे संस्कार सिद्धायतन में आवासीय रूप में रह रहे नौनिहालों को प्राप्त हो रहे हैं। आप सभी ट्रस्टियों के अथक प्रयास से प्राप्त हो रहे ऐसे उत्कृष्ट कार्य की मैं बहुत-बहुत अनुमोदना करता हूं एवं आप सभी लोगों को नवीन विद्यालय भवन निर्मित कराने की तैयारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुमेरचंद्र रावका ने भी सिद्धायतन ट्रस्ट की मुक्तकंठ से सराहना की।
विशिष्ट आतिथ्य अनिल- सरोज, सुनील- रीटा, राकेश- संध्या, शुभम-रिशिता, यश- मानसी, लक्की-श्रृष्टि, आकर्ष, यशवी, मानविक गंगवाल परिवार जयपुर का रहा। कार्यक्रम में मंगलाचरण छात्र हर्ष जैन ने किया जबकि स्वागत गीत सुलभ जैन ने प्रस्तुत किया इसके अलावा छात्र सरस जैन ने कविता के रूप में अपने छात्रावास की दिनचर्या प्रस्तुत की। स्वागत भाषण एवं संस्था का परिचय ट्रस्ट के मंत्री प्रद्युम्न फौजदार ने दिया। विद्यालय समिति के अध्यक्ष आलोक जैन दाऊ ने विद्यालय का परिचय दिया एवं आगामी योजना से अवगत कराया। कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश शास्त्री टीकमगढ़ ने किया जबकि आभार ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद डेवडिया ने प्रकट किया।













Add Comment