मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैसवाल जैन (उप) सेवा न्यास द्वारा श्री सम्मेद शिखरजी में पर्वत वंदना करने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया जाएगा। 18 एवं 19 अगस्त को आयोजित इस सेवा कार्य में हजारों श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना। मोक्ष सप्तमी के अवसर पर अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैसवाल जैन (उप) सेवा न्यास द्वारा शाश्वत तीर्थ श्री सम्मेद शिखरजी में पर्वतराज की वंदना करने आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की जा रही है।
तीर्थ यात्रियों की सेवा का आयोजन
न्यास परिवार के मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भगवान पार्श्वनाथ स्वामी के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर 18 एवं 19 अगस्त को सम्मेद शिखरजी स्थित डाक बंगले में वात्सल्य भोज आयोजित किया जाएगा।
मोक्ष सप्तमी का धार्मिक महत्व
सेवा न्यास परिवार के कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन गुरुग्राम ने बताया कि जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का मोक्ष कल्याणक श्रावण शुक्ल सप्तमी को मनाया जाता है, जिसे मोक्ष सप्तमी के नाम से भी जाना जाता है।
मान्यता है कि भगवान पार्श्वनाथ को श्री सम्मेद शिखरजी के पावन पर्वत से मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु पर्वत वंदना के लिए पहुंचते हैं और श्रद्धा-भक्ति के साथ निर्वाण कांड का वाचन करते हुए निर्वाण लाडू अर्पित करते हैं।
सेवा कार्य में न्यास परिवार की भूमिका
यात्रा संयोजक सुदीप जैन (मिढ़ेला वाले) एवं मंत्री रूपेश जैन उत्तम नगर दिल्ली ने बताया कि सेवा न्यास परिवार द्वारा प्रतिवर्ष मोक्ष सप्तमी के अवसर पर तीर्थ यात्रियों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष भी सम्मेद शिखरजी पर्वत स्थित डाक बंगले में यह सेवा कार्य आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्वत वंदना के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं से सम्मिलित होने का निवेदन किया गया है।
सहयोग के लिए किया आह्वान
न्यास परिवार के अध्यक्ष एवं पीएनसी ग्रुप आगरा के डायरेक्टर प्रदीप जैन आगरा तथा कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन गुरुग्राम ने सभी न्यासियों एवं समाजजनों से इस पुनीत सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
प्रतिनिधिमंडल रहेगा उपस्थित
मोक्ष सप्तमी के अवसर पर सेवा न्यास परिवार के प्रतिनिधिमंडल में सीए कमलेश जैन गुरुग्राम, सुदीप जैन दिल्ली, रूपेश जैन दिल्ली, श्रीमती शशि जैन, श्रीमती रश्मि जैन, श्रीमती डॉली जैन सहित अन्य समाजबंधु प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।













Add Comment