समाचार

निकाली गई भव्य घटयात्रा : नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ


गणिनी आर्यिका श्री आर्षमति माताजी ससंघ के सानिध्य एवं आचार्य विद्यासागर नवयुवक मंडल राहुल विहार के तत्वावधान में नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ रथयात्रा एवं घटयात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर आर्षमति माताजी के प्रवचन भी हुए। पढ़िए शुभम जैन की रिपोर्ट….


 

आगरा। सप्तम पट्टाचार्य श्री 108 ज्ञेयसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से गणिनी आर्यिका श्री आर्षमति माताजी ससंघ के सानिध्य एवं आचार्य विद्यासागर नवयुवक मंडल राहुल विहार के तत्वावधान में नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ रथयात्रा एवं घटयात्रा के साथ हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में सौभाग्यशाली महिलाएं केसरिया साड़ियों में मांगलिक द्रव्य से भरे मंगल कलश लेकर घटयात्रा में चल रही थीं। रथयात्रा में भक्त श्रीजी की प्रतिमा को रथ में विराजमान कर चल रहे थे और साथ में आर्यिका संघ भी चल रहा था। रास्ते में जगह-जगह भक्तों ने अपने घर के सामने श्रीजी की मंगल आरती उतारी एवं यात्रा का स्वागत किया। घटयात्रा में महेन्द्र इंद्र, महायज्ञ नायक, सौधर्म इंद्र, यज्ञ नायक, धनपति कुबेर, ईशान इंद्र के स्वरूप बग्घियों में सवार थे। घटयात्रा एव रथयात्रा मंदिर जी से शुरू होकर सौफुटा रोड, पेट्रोल पंप से बैंक कॉलोनी, इंदिरापुरम होते हुए श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर, राहुल विहार पहुंची। घटयात्रा के मंदिर पहुंचने पर विधान का ध्वजारोहण सुधीश जैन, कुनाल जैन, नीतेश जैन एवं पंडाल का उद्घाटन राजेश जैन कारपेट वाले परिवार द्वारा किया गया। इसके बाद विधानचार्य शशिकांत जैन शास्त्री एवं प्रतिष्ठाचार्य वीरेंद्र कुमार जैन शास्त्री के निर्देशन में मंत्रोच्चारण के साथ विधान में बने सभी पात्रों ने मंडल पर सिद्धों का स्मरण करते हुए 8 अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान राहुल विहार जैन समाज के भाव देखते ही बन रहे थे।

होते हैं कष्ट दूर

विधान के मध्य में गुरुमां ने भक्तों को मंगल प्रवचन देते हुए कहा कि सिद्धों की आराधना करने से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक कष्ट दूर होते हैं। सिद्धों के गुणों का अर्घ्य चढ़ाते समय चिंतन करना कि हे भगवान मैं भी आठों कर्मों नाश कर सिद्ध पद को प्राप्त कर जाऊं। मन, वचन और काय की पवित्रता के साथ पूजन करना, तभी अशुभ कर्मों का नाश होगा और सुख के साथ शाश्वत सुख की प्राप्ति संभव होगी। घटयात्रा एवं रथयात्रा की व्यवस्था आचार्य विद्यासागर नवयुवक मंडल द्वारा संभाली गई। संध्या काल में बाहर से पधारे नाटयकर बाहुबली एंड पार्टी ललितपुर के कलाकारों द्वारा बहुत सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस कार्यक्रम में रोहित जैन, अतिशय जैन, प्रिंस जैन, अतुल जैन, योगेश जैन, पवन कुमार जैन, लोकचंद जैन, दीपचंद जैन, सतीश चंद जैन, संजय कुमार जैन, ताराचंद जैन, शुभम जैन सहित समस्त राहुल विहार जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page