मुरैना स्थित श्री दिगंबर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र में ज्ञानसागर गुरु मंदिर एवं श्रीचंद्रप्रभु जिनालय का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। दोनों मंदिर राजस्थान की प्राचीन स्थापत्य शैली में बनाए जा रहे हैं और पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेंगे। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना। ए.बी. रोड (धौलपुर-आगरा हाईवे) स्थित प्रसिद्ध श्री दिगंबर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र में ज्ञानतीर्थ प्रणेता सराकोद्धारक आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज की स्मृति में ज्ञानसागर गुरु मंदिर एवं श्रीचंद्रप्रभु जिनालय का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। दोनों मंदिरों के पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र जैन समाज की आस्था और धर्म आराधना का प्रमुख केंद्र बनेगा।
ज्ञानतीर्थ की विशेष पहचान
ज्ञानतीर्थ क्षेत्र अपनी भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। कृत्रिम पहाड़ी पर विराजमान भगवान आदिनाथ की विशाल प्रतिमा, आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज की प्रतिमा एवं चरणचिह्न श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं।
2025 में हुआ था शिलान्यास
ज्ञानतीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश जैन के अनुसार सप्तम पट्टाचार्य आचार्य श्री ज्ञेयसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य तथा गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के निर्देशन में 6 मार्च 2025 को दोनों मंदिरों का भव्य शिलान्यास संपन्न हुआ था। निर्माण कार्य वास्तुविद् चंद्रशेखर जैन (विदिशा) की देखरेख में जारी है।
तीन शिखरों वाला होगा जिनालय
निर्माणाधीन श्रीचंद्रप्रभु जिनालय में तीन भव्य शिखर होंगे। मंदिर में तीन वेदियां तथा लगभग 2500 वर्गफुट का विशाल हॉल बनाया जा रहा है। मध्य वेदी पर भगवान श्रीचंद्रप्रभु तथा अन्य वेदियों पर तीर्थंकर प्रतिमाएं विराजमान होंगी।
गुलाबी पत्थरों से बनेगा गुरु मंदिर
ज्ञानसागर गुरु मंदिर के निर्माण में गुलाबी पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है। मंदिर में आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज की प्रतिमा एवं चरणचिह्न स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालु नियमित रूप से दर्शन, भक्ति एवं वंदना कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं
ज्ञानतीर्थ परिसर में सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला, एसी एवं डीलक्स कक्ष, विशाल भोजनशाला, संत निवास, आहारशाला तथा मीटिंग हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन एवं धर्म आराधना के लिए पहुंचते हैं।
कैसे पहुंचे ज्ञानतीर्थ
श्री आदिनाथ दिगंबर जैन ज्ञानतीर्थ मुरैना जिले में ए.बी. रोड (धौलपुर-आगरा हाईवे) पर स्थित है। मुरैना रेलवे स्टेशन से इसकी दूरी लगभग 8 किलोमीटर तथा ग्वालियर हवाई अड्डे से लगभग 40 किलोमीटर है। सड़क, रेल एवं हवाई मार्ग से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। संपर्क सूत्र : 82696 69599।













Add Comment