आपकी सेहत,आपका ख्य़ाल

सब्जी में इस्तेमाल होने वाले इस पीले मसाले के फायदे हैं अनमोल


सारांश

हल्दी का इस्तेमाल भारत में मसाले और मेडिसिनल हर्ब के रूप में हजारों साल से हो रहा है। हाल में हुए शोध इस मसाले की उपयोगिता पर मोहर लगा रहे है। हल्दी में मौजूद करक्युमिन के बहुत सारे फायदे हैं।


हल्दी एक ऐसा मसाला है, जिसका इस्तेमाल भारतीय घरों मे हर सब्जी मे होता है। चोट लगने पर हल्दी वाला दूध पीने की सलाह हमारी दादी-नानी अक्सर देती हैं। हल्दी की गांठ का मुख्य घटक करक्युमिन होता है, जो उसे पीला रंग भी प्रदान करता है। हल्दी के सारे गुण इसी करक्युमिन में छिपे होते है। शोधकर्ताओं के मुताबिक हल्दी आर्थराइटिस से लेकर पेट में अल्सर पर भी काफी असर करती है। जानते हैं हल्दी के ऐसे ही कुुछ उपयोगों के बारे…

संक्रमण कम करती है
संक्रमण जब शरीर के ऊतकों को प्रभावित करने लगता है, तब हल्दी लेना फायदेमंद है। एक शोध से पता चलता है कि अल्सरेटिव कोलाइटिस मे दो ग्राम करक्युमिन हर रोज लेना अच्छा रहता है। शोध में पता चला है कि अल्सर की दवाओ के साथ हल्दी लेने से रोगी को जल्दी आराम मिला।

याददाश्त बढ़ाती है
हल्दी पर हुए एक और क्लीनिकल ट्रायल में सामने आया है कि 18 महीने तक दिन में दो बार 90 मिलीग्राम हल्दी लेने से बड़ों की याददाश्त सुधरती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, करक्युमिन के एंटी ऑक्सीडेंट गुण दिमाग की कोशिकाओं को कमजोर होने से रोकते हैं। शोधकर्ताओं का यह भी मानना है कि करक्युमिन से अल्जाइमर्स में भी आराम मिलता है।

कम करती है दर्द
आयुर्वेद में बरसों से हल्दी का इस्तेमाल आर्थराइटिस के इलाज में होता रहा है। शोध बताते हैं कि हल्दी लेने से ऑस्टियोआर्थराइटिस से होने वाले दर्द में आराम मिलता है। किसी भी प्रकार की चोट में हल्दी लेने से सूजन और दर्द कम होता है।

फ्री रेडिकल्स से लड़ती है
हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स को न्यूट्रीलाइज करते हैं। वहीं अन्य शोध भी बताते हैं कि हल्दी के एंटीऑक्सीडेंट शरीर के अन्य एंटी ऑक्सीडेंट को सक्रिय करते हैं।

दिल की बीमारियों का खतरा कम करती है
हल्दी दिल की बीमारियों से भी बचाती है। शोध बताते हैं कि 12 हफ्ते तक करक्युमिन सप्लीमेंट्स लेने से खून की नलियां दुरूस्त रहती हैं। इससे ब्लड प्रेशर मेंटेन रहता है। वहीं बाइसपास सर्जरी वाले 121 लोगों पर हुए एक अन्य शोध से पता चला है कि सर्जरी से पहले और बाद में चार ग्राम करक्युमिन हर रोज लने से हार्ट अटैक का खतरा 65 फीसदी तक कम हो जाता है। हल्दी लेने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है। यह बात भी शोध में साबित हो चुकी है।

अवसाद कम करती है
अवसाद में दिमाग में एक विशेष प्रोटीन कम हो जाता है, इससे धीरे-धीरे याददाश्त पर भी असर पड़ने लगता है। शोध बताते हैं कि करक्युमिन इसी प्रोटीन को बढ़ाता है और दिमाग में हुए बदलावों को ठीक कर देता है। वहीं एक अन्य शोध में पाया गया है कि करक्युमिन डोपामीन और सिरोटिन नाम के हार्मोन का स्तर बढ़ाता है, यह दोनों हार्मोन मूड और खुशी से संबंधित होते हैं।

कैंसर से लड़ती है
करक्युमिन में कैंसर से लड़ने के गुण होते हैं। एक शोध के अनुसार कोलोन कैंसर में हल्दी लेने से गांठ की संख्या 40 फीसदी तक कम हुई थी। वहीं इसके गुण कैंसर के दर्द में भी आराम देते हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
13
+1
1
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page