समाचार

अतिशय क्षेत्र पावई में भव्य मानस्तंभ का शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न : दिसंबर 2026 में होगा पंचकल्याणक महामहोत्सव


भिंड के निकट स्थित अतिशय क्षेत्र रत्नात्रयगिरि पावई में 41 फीट ऊंचे भव्य मानस्तंभ के निर्माण हेतु विधिवत शिलान्यास संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न नगरों से आए श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्यार्जन किया। पढ़िए श्रीफल साथी सोनल जैन की यह रिपोर्ट।


भिंड। भिंड से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित अतिशय क्षेत्र रत्नात्रयगिरि पावई में सोमवार, 22 जून 2026 को भव्य मानस्तंभ निर्माण के लिए शिलान्यास कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस मांगलिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

आगम सम्मत विधि से हुआ शिलान्यास

श्रेष्ठी श्रावक स्वर्गीय मोहरमन लाल जी के सुपुत्र रमेशचंद्र जैन, स्नेहलता जैन एवं परिजनों द्वारा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पंडित सनत-विनोद जैन रजवास के सान्निध्य में आगम सम्मत विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ शिलान्यास संपन्न कराया गया।

41 फीट ऊंचा बनेगा भव्य मानस्तंभ

क्षेत्र में निर्मित होने वाला मानस्तंभ 41 फीट ऊंचा होगा। इसमें 24 जिनबिंब स्थापित किए जाएंगे, जो नवनिर्माणाधीन जिनालय की भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाएंगे। यह मानस्तंभ क्षेत्र की प्रमुख आकर्षण स्थली बनेगा।

श्रद्धालुओं ने की पुण्य कार्य की अनुमोदना

इस अवसर पर क्षेत्रीय परम संरक्षक गोलालारिय समाज सेवा समिति रजिस्टर्ड, महिला समिति, क्षेत्रीय कमेटी, सोनागिर गोलालारे सेवा सदन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित इंदौर, ग्वालियर, भिंड और अन्य नगरों से आए साधर्मी बंधुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने सिमरैया परिवार रिदौली वाले भूता बाजार द्वारा किए जा रहे इस पुण्य कार्य की भावपूर्वक अनुमोदना की।

क्षेत्र को भेंट किए गए विशाल कूलर

गोलालारिय महिला समाज सेवा समिति के सौजन्य से क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो विशाल कूलर भेंट किए गए। इस सेवा कार्य की भी उपस्थित समाजजनों ने सराहना की।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था

मानस्तंभ शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं साधर्मी बंधुओं के लिए क्षेत्रीय कमेटी की ओर से स्वल्पाहार एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रम का लाभ प्राप्त किया।

दिसंबर 2026 में होगा पंचकल्याणक

पत्रकार सोनल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अतिशय क्षेत्र पावई में दिसंबर 2026 में श्रमण संस्कृति के महामहिम पट्टाचार्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के सान्निध्य में भव्य पंचकल्याणक महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र में तैयारियां निरंतर जारी हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page