समाचार

अतिशय क्षेत्र मक्सी में आचार्य प्रसन्न सागर जी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश : श्रद्धा-भक्ति के साथ समाज ने किया अभिनंदन


अंतरमना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज का अतिशय क्षेत्र मक्सी में भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में भाग लेकर आचार्य श्री का स्वागत किया। पढ़िए श्रीफल साथी मक्सी ब्यूरो की यह रिपोर्ट।


मक्सी (उज्जैन)। जैन धर्म के प्रखर प्रवक्ता, तपस्वी सम्राट एवं अंतरमना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज का अतिशय क्षेत्र मक्सी में भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर सीमा से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु जयघोष करते हुए शामिल हुए।

विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

मंगल प्रवेश के अवसर पर मक्सी ट्रस्ट कमेटी, इंदौर, उज्जैन एवं देवास सहित विभिन्न स्थानों से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन तथा इंदौर दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद (कीर्ति स्तंभ) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महावीर ट्रस्ट एवं अष्टापद बद्रीनाथ ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।

समाज श्रेष्ठियों ने किया पाद प्रक्षालन

समाज के वरिष्ठजनों ने आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट एवं मंगल आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अमित कासलीवाल, आदित्य कासलीवाल, आनंद गोधा, एम.के. जैन, मनोहर झांझरी, अश्विन कासलीवाल, सुशील पांड्या, दिलीप पाटनी, कमलेश कासलीवाल, संजय पापड़ीवाल, राकेश विनायका सहित अनेक समाजश्रेष्ठी उपस्थित रहे।

महिलाओं ने मंगल कलश से की अगवानी

मंगल प्रवेश के दौरान महिलाओं ने मंगल कलश लेकर आचार्य श्री की अगवानी की। जयघोष, भक्ति गीतों और धार्मिक उल्लास से पूरा अतिशय क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

संस्कार और धर्म जागरण का संदेश

आचार्य श्री ने अपने संबोधन में श्रावक समाज को अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह एवं ब्रह्मचर्य के सिद्धांतों का पालन करने तथा युवा पीढ़ी को जैन संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने धर्म को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

सभी के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

आयोजन को सफल बनाने में मक्सी ट्रस्ट कमेटी एवं समस्त समाजजनों का उल्लेखनीय योगदान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page