व्यक्तित्व

व्यक्तित्व :  आस्था रोटी बैंक एटीएम अपने आप में एक अनूठी पहल, एक ऐसा कार्य, जो जीवदया को समर्पित है


जैन दर्शन में अहिंसा, जीवदया और मानव जाति का कल्याण सर्वोपरि माना गया है। जैनत्व इसी पर आधारित है। समाज कल्याण के क्षेत्र में जैन हमेशा आगे और तत्पर रहते हैं। ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। इन लोगों के कार्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसलिए श्रीफल जैन न्यूज की ओर से एक ‘व्यक्तित्व’ के नाम से एक खास कॉलम शुरुआत की गई है, इसकी पहली कड़ी में हम आपको बताएंगे इंदौर की आस्था जैन के बारे में। पढ़िए जीवन लाल जैन की कलम से आस्था जैन से जुड़ी विशेष बातें…


इंदौर। गाय की पूजा हमारे संस्कारों में शामिल है। मैं बचपन से घर की रसोई में सबसे पहले गाय के लिए निकाली गई रोटी की परम्परा देखती चली आ रही थी। आज भी यह परम्परा जीवित है लेकिन शहर में गायों के नहीं होने से इस पहली रोटी का निवाला उन तक नहीं पहुंच पाता। यह कहना है आस्था जैन का। इंदौर की इस बेटी ने गौ सेवा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया और वह है आस्था रोटी बैंक एटीएम।

वह कहती हैं कि इंदौर बेशक, स्वच्छता में छह बार नंबर वन आया है, लेकिन जब इसकी वह से शहर से गायों को बाहर कर दिया गया तो मैंने घर की रसोई से निकली पहली रोटी को सड़कों पर या कचरा गाड़ी में डलते देखा। इसलिए पांच साल पहले मैंने आस्था रोटी बैंक एटीएम की शुरुआत की जिसके आज इंदौर शहर में 176 एटीएम लगे हैं और उसमें से प्रतिदिन 1800 किलो रोटी एकत्रित की जाती है और गौ माता व स्ट्रीट डॉग के भोजन के लिए प्रदान की जाती है।

डॉग फूड स्टेशन भी

गायों की लिए सेवा करने के साथ-साथ मैंने यह भी देखा कि श्वानों की स्थिति भी बहुत दयनीय हो रही थी। खाना ना मिलने की वजह से वह आक्रामक हो रहे थे और लोगों पर हमला कर रहे थे। इसलिए उनके भोजन के लिए आस्था डॉग फूड स्टेशन की शुरुआत की। इसके जरिए डॉग्स को भी खाना मिलने लगा। साथ ही समय-समय पर आस्था डॉग फूड स्टेशन पूरे इंदौर शहर में घूमकर श्वानों को भोजन कराता है।

पंछियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था

आस्था रोटी बैंक एटीएम और आस्था डॉग फूड स्टेशन के बाद आस्था पक्षी विहार की शुरुआत की गई, जिसके अंदर पक्षियों के लिए ज्वार, बाजरा, मक्का, पानी के सकोरे और घोसले इंदौर शहर में जगह-जगह पर जाकर लगाए जाते हैं और प्रतिदिन आस्था रोटी बैंक का रिक्शा इन्हें भी भोजन कराता है। आस्था रोटी बैंक मानव सेवा के क्षेत्र में भी कार्य करता है जैसे नवरात्रि में कन्या भोज कराना, गरीब बुजुर्गों को भोजन, मध्यमवर्गीय परिवारों को राशन वितरण व ठंड में रजाई वितरण करना, कपड़े व जरूरत के सामान बांटना आदि अनेक कार्य किए जाते हैं।

अब तक मिली उपलब्धियां

– नवकार महामंत्र टाइम्स द्वारा एनिमल लवर्स अवॉर्ड 2021 जीवदया रत्न सम्मान से सम्मानित।
– भारत माता अभिनंदन सम्मान 2021 से सम्मानित।
– पद्मभूषण पूज्य आचार्य विजयरत्नसुंदर सूरीश्वर महाराज साहब द्वारा लिखी गई पुस्तक “नहीं भूल पाऊंगा इंदौर” में मेरे कार्यों का विवरण व उनके द्वारा मेरे और मेरे कार्य के बारे में दिया गया प्रभावी उद्बोधन।
– राष्ट्रसंत कमलमुनि कमलेश व अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच नई दिल्ली द्वारा सम्मानित।
– सांसद शंकर लालवानी, पार्षद दिलीप शर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, निगम कमिश्नर आशीष सिंह द्वारा सम्मानित।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
30
+1
5
+1
0

You cannot copy content of this page

× श्रीफल ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें