जियो और जीने दो तथा मैत्री से सेवा के पावन संकल्प को चरितार्थ करने वाली प्रतिष्ठित संस्था महावीर इंटरनेशनल सन्मति वीरा, कुकनवाली द्वारा मातृ दिवस (मदर्स डे) के सुअवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कुचामन सिटी से पढ़िए, यह खबर…
कुचामन सिटी । जियो और जीने दो तथा मैत्री से सेवा के पावन संकल्प को चरितार्थ करने वाली प्रतिष्ठित संस्था महावीर इंटरनेशनल सन्मति वीरा, कुकनवाली द्वारा मातृ दिवस (मदर्स डे) के सुअवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मातृत्व की प्रतिमूर्ति 89 वर्षीय ललिता देवी एवं 80 वर्षीय शांति देवी का भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संस्था ने इन दोनों मातृशक्तियों के संघर्ष और समर्पण को नमन किया। एक साधारण परिवार से होने के बावजूद ललिता देवी और शांति देवी ने अभावों को कभी अपने बच्चों की राह में बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने अपनी अटूट मेहनत और संस्कारों के बल पर अपने पुत्र-पुत्रियों को शिक्षा और व्यवसाय के क्षेत्र में न केवल ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि उन्हें देश और समाज सेवा के लिए भी प्रेरित किया। आज उनके बच्चे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अग्रणी सेवाएं दे रहे हैं, जो इन माताओं की श्रेष्ठ परवरिश का ही परिणाम है।
सदस्यों ने माताओं के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की
समारोह में संस्था की अध्यक्ष उर्मिला सेठी एवं सचिव ज्ञाना काला के नेतृत्व में उपस्थित वीराओं ने माताओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। उन्हें माला, शॉल और दुपट्टा ओढ़ाकर संस्था की ओर से बहुमान प्रदान किया गया। इस अवसर पर संतोष, मधु, ममता सेठी, कल्पना, मीना, राखी, मोना काला, मनीषा, शालू बड़जात्या, खुशबू झांझरी, मैना पाटनी और मधुवाला जैन सहित कई सदस्याओं ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। यह आयोजन समाज को यह संदेश देता है कि मां केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की निर्माता भी होती है। उपस्थित सभी सदस्यों ने माताओं के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।













Add Comment